चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही अभी नहीं हुआ है, लेकिन सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। आम आदमी पार्टी जहां सत्ता में दोबारा वापसी की तैयारी कर रही है, वहीं कांग्रेस सरकार बनाने की उम्मीद लगाए बैठी है। बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल भी अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने में लगे हैं।
इस बीच Vote Vibe के एक नए ओपिनियन पोल ने पंजाब की सियासत को लेकर तस्वीर पेश की है। सर्वे में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिखाई दे रही है। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्यमंत्री पद के लिए लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। हालांकि, सरकार के कामकाज और मौजूदा विधायकों को लेकर जनता की नाराजगी भी सामने आई है। नशा, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दे आगामी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
वोट शेयर में AAP को बढ़त, कांग्रेस दूसरे नंबर पर
Vote Vibe के सर्वे के मुताबिक, अगर अभी पंजाब में विधानसभा चुनाव होते हैं तो आम आदमी पार्टी को 33.5 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस 27.6 प्रतिशत वोट के साथ दूसरे स्थान पर रह सकती है। दोनों पार्टियों के बीच 5.9 प्रतिशत अंकों का अंतर बताया गया है।
वहीं बीजेपी को 14.7 प्रतिशत और शिरोमणि अकाली दल को 12.5 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) को 8.1 प्रतिशत समर्थन मिल सकता है। अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 1.7 प्रतिशत वोट जाने की संभावना है, जबकि 1.9 प्रतिशत मतदाता अभी असमंजस में हैं।
चुनाव जीतने की उम्मीद में भी AAP सबसे आगे
सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि उनके मुताबिक 2027 का विधानसभा चुनाव कौन सी पार्टी जीत सकती है। इस सवाल पर भी आम आदमी पार्टी पहले स्थान पर रही। 33.7 प्रतिशत लोगों ने AAP की जीत की संभावना जताई।
कांग्रेस को 23.1 प्रतिशत लोगों ने जीत का दावेदार माना। वहीं बीजेपी के लिए यह आंकड़ा 16.3 प्रतिशत और अकाली दल के लिए 12.3 प्रतिशत रहा। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) को 6.6 प्रतिशत लोगों ने जीत की संभावना वाली पार्टी बताया।
खास बात यह है कि कांग्रेस का संभावित वोट शेयर 27.6 प्रतिशत है, लेकिन उसकी जीत को लेकर भरोसा जताने वाले लोगों की संख्या 23.1 प्रतिशत है। दूसरी तरफ AAP के वोट शेयर और जीत की संभावना के आंकड़े लगभग बराबर हैं।
भगवंत मान बने मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद
मुख्यमंत्री चेहरे के मामले में भी भगवंत मान अपने विरोधियों से काफी आगे दिखाई दे रहे हैं। सर्वे में 35.9 प्रतिशत लोगों ने उन्हें अगला मुख्यमंत्री देखने की इच्छा जताई है।
कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी 19 प्रतिशत समर्थन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। सुखबीर सिंह बादल को 14.6 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया। बीजेपी के केवल सिंह ढिल्लों को 10.1 प्रतिशत और अमृतपाल सिंह को 7.9 प्रतिशत समर्थन मिला है। वहीं 8.7 प्रतिशत लोगों ने अन्य नेताओं को पसंद किया, जबकि 3.8 प्रतिशत लोगों ने कोई राय नहीं दी।
इस आंकड़े से साफ है कि मुख्यमंत्री पद की पसंद के मामले में भगवंत मान को फिलहाल बड़ी बढ़त हासिल है।
नशा और बेरोजगारी बने चुनाव के सबसे बड़े मुद्दे
पंजाब के मतदाताओं के लिए सबसे बड़ी चिंता नशे की समस्या है। सर्वे में 31.1 प्रतिशत लोगों ने नशे को आगामी चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा बताया है।
इसके बाद बेरोजगारी और पलायन का नंबर आता है। 23 प्रतिशत लोगों ने इसे प्रमुख चुनावी मुद्दा माना। कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को 17.3 प्रतिशत लोगों ने अहम बताया।
महंगाई को 10.2 प्रतिशत, भ्रष्टाचार को 5.1 प्रतिशत और शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को 4.7 प्रतिशत लोगों ने प्राथमिकता दी। किसानों के मुद्दे 2.8 प्रतिशत और बुनियादी ढांचा 2.2 प्रतिशत लोगों के लिए सबसे अहम रहा।
गांवों में नशा, शहरों में बेरोजगारी की चिंता
सर्वे में ग्रामीण और शहरी मतदाताओं की प्राथमिकताओं में भी अंतर देखने को मिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में 36.1 प्रतिशत लोगों ने नशे को सबसे बड़ी समस्या बताया। वहीं शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 22.7 प्रतिशत रहा।
शहरों में बेरोजगारी और पलायन सबसे बड़ी चिंता बनकर सामने आए। यहां 27.5 प्रतिशत लोगों ने इसे प्रमुख मुद्दा बताया। वहीं 20.9 प्रतिशत लोगों ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को अहम माना।
25 से 34 वर्ष के आयु वर्ग में नशे को लेकर सबसे ज्यादा चिंता दिखाई दी। इस उम्र के 42.2 प्रतिशत लोगों ने इसे चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा बताया।
सरकार के कामकाज से ज्यादा लोग नाराज
आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रदर्शन को लेकर सर्वे में मिले आंकड़े पार्टी के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं। 30.2 प्रतिशत लोगों ने सरकार के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट होने की बात कही, जबकि 9.3 प्रतिशत लोग संतुष्ट हैं।
इसके उलट 18.5 प्रतिशत लोगों ने असंतोष जताया और 24.4 प्रतिशत लोगों ने सरकार के कामकाज पर पूरी तरह नाराजगी जाहिर की। 14.8 प्रतिशत लोगों ने सरकार के प्रदर्शन को औसत बताया।
कुल मिलाकर 39.5 प्रतिशत लोग सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं, जबकि 42.9 प्रतिशत लोग असंतुष्ट हैं। यानी सरकार के पक्ष में समर्थन होने के बावजूद नाराज मतदाताओं की संख्या ज्यादा है।
हालांकि 2024 में AAP को वोट देने वाले मतदाताओं में 58.3 प्रतिशत लोग सरकार के कामकाज से संतुष्ट नजर आए।
विधायकों के प्रदर्शन से भी जनता खुश नहीं
सर्वे में मौजूदा विधायकों के कामकाज को लेकर भी सवाल पूछे गए। इसके जवाब में 22 प्रतिशत लोगों ने अपने विधायक के काम से पूरी तरह संतुष्ट होने की बात कही। 8.6 प्रतिशत लोग संतुष्ट और 15.7 प्रतिशत लोगों ने प्रदर्शन को औसत बताया।
वहीं 20.9 प्रतिशत लोग विधायकों से असंतुष्ट हैं, जबकि 31.5 प्रतिशत लोगों ने पूरी तरह नाराजगी जाहिर की।
इस तरह 52.4 प्रतिशत मतदाता अपने मौजूदा विधायक के कामकाज से असंतुष्ट हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विधायकों के प्रति नाराजगी ज्यादा दिखाई दी, जहां 34.6 प्रतिशत लोगों ने पूरी तरह असंतुष्ट होने की बात कही। शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 26.2 प्रतिशत रहा।
वोट देते समय पार्टी की विचारधारा को सबसे ज्यादा महत्व
पंजाब के मतदाता चुनाव में किस आधार पर फैसला लेते हैं, इस सवाल पर भी सर्वे में अहम जानकारी सामने आई है।
36.9 प्रतिशत लोगों ने पार्टी की विचारधारा को सबसे महत्वपूर्ण बताया। वहीं 29.4 प्रतिशत लोग उम्मीदवार की छवि और व्यक्तित्व को देखकर वोट देने की बात कहते हैं।
मुख्यमंत्री का चेहरा 11.7 प्रतिशत लोगों के लिए अहम है। विकास और जनहित के मुद्दों को 7.6 प्रतिशत लोगों ने प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री का चेहरा 3.6 प्रतिशत और सरकारी योजनाओं का लाभ 3.4 प्रतिशत लोगों के लिए महत्वपूर्ण रहा।
युवा मतदाताओं का फैसला अभी पूरी तरह तय नहीं
सर्वे के अनुसार, 78.5 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्होंने अपना वोट किस पार्टी को देना है, यह तय कर लिया है। 11.6 प्रतिशत लोगों का झुकाव किसी पार्टी की तरफ है, लेकिन अंतिम फैसला नहीं हुआ है। वहीं 6.4 प्रतिशत लोग अभी तय नहीं कर पाए हैं।
18 से 24 साल के युवाओं में तस्वीर थोड़ी अलग है। इस आयु वर्ग के सिर्फ 56 प्रतिशत लोगों ने अपना वोट तय किया है। जबकि 31.8 प्रतिशत युवाओं का झुकाव किसी पार्टी की तरफ है, लेकिन उन्होंने अंतिम निर्णय नहीं लिया है। ऐसे में युवा मतदाता चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों के लिए अहम साबित हो सकते हैं।
अलग-अलग समुदायों में अलग पार्टियों को समर्थन
जातीय और सामुदायिक आधार पर भी सर्वे में अलग-अलग रुझान सामने आए हैं। अनुसूचित जाति यानी SC समुदाय के 44.9 प्रतिशत लोगों ने आम आदमी पार्टी का समर्थन किया।
जाट सिख समुदाय में AAP और कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबरी का बताया गया है। वहीं हिंदू सामान्य वर्ग में बीजेपी को 34.7 प्रतिशत समर्थन मिला। मुस्लिम समुदाय में कांग्रेस सबसे आगे रही और इस वर्ग के 83 प्रतिशत लोगों ने कांग्रेस को पसंद किया।
मालवा में AAP, दोआबा में कांग्रेस और माझा में अकाली दल को बढ़त
पंजाब के तीन प्रमुख राजनीतिक क्षेत्रों मालवा, माझा और दोआबा में भी अलग-अलग पार्टियों की स्थिति सामने आई है।
सर्वे के मुताबिक मालवा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन सबसे मजबूत है। इसी क्षेत्र में अकाली दल (वारिस पंजाब दे) को भी अपेक्षाकृत ज्यादा समर्थन मिला है।
दोआबा में कांग्रेस सबसे मजबूत दिखाई दे रही है। बीजेपी का बेहतर प्रदर्शन भी इसी क्षेत्र में बताया गया है। वहीं माझा क्षेत्र में शिरोमणि अकाली दल को सबसे ज्यादा समर्थन मिलने का अनुमान है।
वोट चोरी के आरोपों पर बंटी जनता की राय
सर्वे में वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी लोगों की राय जानी गई। 42.5 प्रतिशत लोगों का मानना है कि इन आरोपों का आगामी चुनाव पर असर पड़ सकता है। वहीं 44.5 प्रतिशत लोगों ने कहा कि इन आरोपों का कोई प्रभाव नहीं होगा। 13 प्रतिशत लोगों ने इस सवाल पर अपनी राय नहीं दी।
इस मुद्दे पर कांग्रेस और AAP के समर्थकों में असर पड़ने की संभावना जताने वालों की संख्या ज्यादा रही। वहीं बीजेपी और अकाली दल के समर्थकों में ज्यादातर लोगों ने माना कि इन आरोपों का चुनाव पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
4,273 लोगों पर आधारित है सर्वे
Vote Vibe की ओर से यह ओपिनियन पोल टेलीफोन के माध्यम से किया गया। इसमें पूरे पंजाब के 4,273 लोगों को शामिल किया गया। सर्वे रिपोर्ट में मार्जिन ऑफ एरर प्लस-माइनस 3 प्रतिशत बताया गया है।
क्या 2027 में फिर सत्ता में आएगी AAP?
सर्वे के आंकड़े फिलहाल पंजाब में आम आदमी पार्टी को बढ़त दिखा रहे हैं। भगवंत मान मुख्यमंत्री पद के सबसे पसंदीदा चेहरे बने हुए हैं। लेकिन सरकार और विधायकों के कामकाज को लेकर सामने आई नाराजगी AAP के लिए चुनौती बन सकती है।
दूसरी तरफ कांग्रेस के पास सत्ता में वापसी का मौका दिखाई दे रहा है। बीजेपी और अकाली दल भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं। ऐसे में 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प होने की संभावना है। हालांकि, यह केवल ओपिनियन पोल के आंकड़े हैं, चुनाव के वास्तविक नतीजों का संकेत या गारंटी नहीं।







