चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने अब तक दो सूचियां जारी कर 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। टिकट वितरण में कई चौंकाने वाले फैसले सामने आए हैं। पार्टी ने आठ मौजूदा विधायकों के टिकट काटकर नए चेहरों पर भरोसा जताया है। वहीं, कई मंत्रियों के नाम अभी तक घोषित नहीं किए गए हैं। इससे पंजाब की सियासत में हलचल बढ़ गई है।
AAP के उम्मीदवार चयन से साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी इस बार केवल मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन को आधार नहीं बना रही, बल्कि क्षेत्रीय समीकरण, राजनीतिक प्रभाव और चुनावी संभावनाओं को भी ध्यान में रख रही है। कुछ नेताओं को दोबारा मौका दिया गया है, तो कुछ चर्चित चेहरों की जगह उनके परिजनों और नए उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है।
दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को हराने वाले विधायकों के टिकट भी कटे
AAP के टिकट वितरण में सबसे ज्यादा चर्चा उन विधायकों की हो रही है, जिन्होंने 2022 के चुनाव में पंजाब के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को हराया था। लंबी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक और कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को उम्मीदवार बनाया गया है।
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने 2022 के विधानसभा चुनाव में पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को शिकस्त दी थी। इसके बावजूद पार्टी ने इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया।
इसी तरह चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह का भी टिकट काट दिया गया। उन्होंने 2022 के चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराया था। हालांकि, भदौड़ से चन्नी को हराने वाले लाभ सिंह उगोके और पटियाला से कैप्टन अमरिंदर सिंह को शिकस्त देने वाले अजीतपाल सिंह कोहली पर पार्टी ने फिर भरोसा जताया है।
पिता-पुत्र दोनों को टिकट, मीत हेयर की विधानसभा में वापसी
AAP ने एक ही परिवार के दो सदस्यों को टिकट देकर भी राजनीतिक चर्चा तेज कर दी है। पार्टी ने पहले चब्बेवाल से मौजूदा विधायक डॉ. इशांक चब्बेवाल को उम्मीदवार बनाया। इसके बाद उनके पिता और होशियारपुर से मौजूदा सांसद राजकुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से विधानसभा चुनाव का टिकट दे दिया।
वहीं, संगरूर के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को एक बार फिर बरनाला से विधानसभा चुनाव लड़ाने का फैसला किया गया है। वर्ष 2022 में वह बरनाला से विधायक चुने गए थे और पंजाब सरकार में मंत्री बने थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में संगरूर से सांसद बनने के बाद अब पार्टी ने उन्हें दोबारा विधानसभा की राजनीति में उतारने का फैसला किया है।
12 मंत्रियों के टिकट पर सस्पेंस, अमन अरोड़ा और हरपाल चीमा के नाम होल्ड
पार्टी की दोनों सूचियों में कई मंत्रियों के नाम नहीं होने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान को उम्मीदवार घोषित किया जा चुका है, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा का नाम अभी तक सूची में नहीं आया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की उम्मीदवारी पर भी सस्पेंस बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि सरकार के 15 मंत्रियों में से अब तक केवल तीन के नाम घोषित हुए हैं। इनमें 12 मंत्रियों की उम्मीदवारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। दूसरी ओर, जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को पहली सूची में ही लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार बनाया गया है।
खरड़ की विधायक और पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान को भी इस बार टिकट नहीं मिला है। उन्होंने 2022 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था। बाद में मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद 19 जुलाई 2025 को विधायक पद से इस्तीफा देकर राजनीति छोड़ने की घोषणा की थी। हालांकि, बाद में पार्टी नेताओं के समझाने पर उन्होंने अपना फैसला बदल दिया था।
71 उम्मीदवारों में केवल 9 महिलाएं
AAP की अब तक घोषित 71 उम्मीदवारों की सूची में महिलाओं की संख्या महज 9 है। इनमें पांच मौजूदा महिला विधायकों को दोबारा मौका दिया गया है। इंद्रजीत कौर मान, संतोष कुमारी कटारिया, बलजिंदर कौर, डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और सरवजीत कौर माणूके को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।
बलजिंदर कौर और सरवजीत कौर माणूके को तीसरी बार टिकट मिला है। वहीं, नए महिला चेहरों में अभिनेत्री सोनिया मान, हरजोत कौर लोहटिया, डॉ. सुहानी डोडा और वनिंदर कौर लूंबा शामिल हैं।
दोआबा में सबसे ज्यादा उम्मीदवार घोषित
क्षेत्रीय समीकरणों पर नजर डालें तो AAP ने दोआबा क्षेत्र में सबसे अधिक उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। दोआबा की 23 विधानसभा सीटों में से 19 पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं। माझा की 25 सीटों में से 15 पर नाम घोषित किए गए हैं, जबकि मालवा की 69 सीटों में से अब तक 37 उम्मीदवारों का ऐलान हुआ है।
पंजाब की राजनीति में मालवा क्षेत्र का विशेष महत्व है। ऐसे में यहां उम्मीदवारों की घोषणा में पार्टी की धीमी रफ्तार को चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
विवादों में रहे विधायकों के टिकट कटे, नेताओं की बगावत भी बढ़ी
AAP ने कुछ विवादों में रहे मौजूदा विधायकों को भी इस बार टिकट नहीं दिया है। जालंधर सेंट्रल से रमन अरोड़ा, बठिंडा देहात से अमित रतन कोटफत्ता और पट्टी से लालजीत सिंह भुल्लर को उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। इन नेताओं के नाम अलग-अलग विवादों और मामलों में सामने आए हैं। वहीं, मानसा से डॉ. विजय सिंगला की उम्मीदवारी पर अभी फैसला नहीं हुआ है।
टिकट वितरण के बाद पार्टी को अंदरूनी नाराजगी का भी सामना करना पड़ रहा है। सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। पूर्व AAP विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह भी भाजपा में चले गए हैं। वहीं, चमकौर साहिब से टिकट कटने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह की नाराजगी भी सामने आई है।
नए चेहरों पर दांव, बगावत रोकना होगी चुनौती
AAP की अब तक की उम्मीदवार सूची से स्पष्ट है कि पार्टी चुनाव से पहले बड़े बदलाव करने के मूड में है। पुराने चेहरों के टिकट काटने, परिवार के सदस्यों को मौका देने और दूसरे दलों से आए नेताओं को उम्मीदवार बनाने के फैसले इसी रणनीति का हिस्सा हैं।
हालांकि, मंत्रियों के टिकट पर सस्पेंस और मौजूदा विधायकों की नाराजगी पार्टी के लिए चुनौती बन सकती है। अब सबकी नजरें उम्मीदवारों की अगली सूची और उन नेताओं की प्रतिक्रिया पर रहेंगी, जिन्हें अभी तक चुनावी मैदान में उतरने का मौका नहीं मिला है।







