परिसीमन बिल को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के इस विधेयक का समर्थन करने के फैसले से विपक्षी INDIA गठबंधन में मतभेद सामने आने लगे हैं। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर सत्ता के लिए राजनीति करने और सहयोगियों को धोखा देने का आरोप लगाया है।
वडेट्टीवार ने कहा कि शरद पवार का राजनीतिक इतिहास दूसरों की पीठ में छुरा घोंपने वाला रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनका जन्म ही सत्ता के लिए हुआ है और सत्ता के साथ ही दुनिया से जाना उनका लक्ष्य है।
हमें इमोशनल ब्लैकमेल किया गया: वडेट्टीवार
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि शरद पवार के इस फैसले पर उन्हें भरोसा ही नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया गया था। उस समय कहा गया था कि शरद पवार ने अपना पूरा जीवन प्रगतिशील विचारधारा को आगे बढ़ाने में लगाया है और इस उम्र में उन्हें राज्यसभा से बाहर रखना उचित नहीं होगा।
वडेट्टीवार के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की भी यही राय थी। इसी वजह से कांग्रेस ने अपने 36 विधायकों के समर्थन के बावजूद शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने यह समर्थन इसलिए नहीं दिया था कि आगे चलकर उसकी पीठ में खंजर घोंपा जाए। अब कांग्रेस को अपनी गलती का एहसास हो गया है।
INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होगा पवार गुट?
वडेट्टीवार ने दावा किया कि INDIA गठबंधन की बैठक बुलाई गई है, लेकिन शरद पवार गुट का कोई प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं होने वाला है। उनके मुताबिक, इससे संकेत मिलता है कि NCP (शरदचंद्र पवार) ने परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला कर लिया है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस पार्टी की राजनीति का मुख्य उद्देश्य सत्ता और उससे मिलने वाले लाभ हासिल करना रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि शरद पवार, जो शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा को मानने की बात करते हैं, ऐसा फैसला लेंगे। वडेट्टीवार ने इस फैसले को देश के लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक बताया।
महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर उठाए सवाल
महाराष्ट्र कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर शरद पवार की राज्यसभा उम्मीदवारी के दौरान मिले समर्थन की याद दिलाई। पार्टी ने बताया कि मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना था। उस समय NCP (शरदचंद्र पवार) के पास 10 विधायक थे, जबकि एक उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी।
कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे। महाराष्ट्र कांग्रेस के अनुसार, सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेतृत्व से समर्थन मांगा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस ने अपनी एक सीट पर दावा छोड़कर शरद पवार का समर्थन किया। इसके बाद उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने भी उनका साथ दिया और महा विकास अघाड़ी ने उनकी उम्मीदवारी का समर्थन किया।
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जिस शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए विपक्षी दलों ने एकजुट होकर समर्थन दिया था, अब वही शरद पवार और उनकी पार्टी परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का साथ देने की तैयारी में हैं।
परिसीमन बिल पर बढ़ सकती है विपक्षी दलों की मुश्किल
परिसीमन बिल को लेकर शरद पवार गुट के रुख ने महाराष्ट्र के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भी नई बहस छेड़ दी है। कांग्रेस के हमलों से INDIA गठबंधन के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर शरद पवार गुट की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही राजनीतिक स्थिति और स्पष्ट होगी।







