नई दिल्ली। देश के चुनावी ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी हो रही है। केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन फॉर्मूले के तहत 2029 के लोकसभा चुनाव तक मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़कर लगभग 850 तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही राज्यों की विधानसभाओं का आकार भी बढ़ाया जाएगा और लोकसभा तथा विधानसभा की एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का रास्ता साफ होगा। शुक्रवार (27 नवंबर) को केंद्रीय कैबिनेट ने इस नए ढांचे को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के तहत प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की विधायी सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि की जाएगी।
सरकार का दावा है कि इस फॉर्मूले से राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात 2051 तक मोटे तौर पर बरकरार रहेगा। यानी जनसंख्या वृद्धि के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का अनुपात बदलने के बजाय मौजूदा सीटों की संख्या में समान रूप से बढ़ोतरी की जाएगी। संशोधित विधायी पैकेज 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा।
कैसे काम करेगा नया परिसीमन फॉर्मूला?
सरकार के प्रस्ताव में तीन बड़े बदलाव शामिल हैं। पहला, लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों की संख्या बढ़ाना। दूसरा, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना और तीसरा, महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना।
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 के तहत प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रस्तावित है। इसी आधार पर राज्यों की विधानसभाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
इस फॉर्मूले में अलग-अलग राज्यों की जनसंख्या वृद्धि दर को सीटें बढ़ाने का आधार नहीं बनाया गया है। इसका उद्देश्य दक्षिणी राज्यों की उस चिंता को दूर करना है, जिसमें कम जनसंख्या वृद्धि के कारण भविष्य में उनका संसदीय प्रतिनिधित्व घटने की आशंका जताई जा रही थी।
उत्तर प्रदेश में 120 और तमिलनाडु में 59 हो सकती हैं सीटें
नए फॉर्मूले के तहत राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश में अभी 80 लोकसभा सीटें हैं, जो बढ़कर 120 हो सकती हैं। वहीं तमिलनाडु की 39 सीटें बढ़कर लगभग 59 हो सकती हैं।
सरकार के अनुसार, लोकसभा की कुल सदस्य संख्या भी इसी अनुपात में बढ़ेगी। इससे सदन में राज्यों की मौजूदा प्रतिशत हिस्सेदारी लगभग बरकरार रहेगी। हालांकि, कांग्रेस सहित कुछ विपक्षी दलों का तर्क है कि प्रतिशत हिस्सेदारी कायम रहने के बावजूद राज्यों के बीच सीटों की वास्तविक संख्या का अंतर बढ़ जाएगा। उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के बीच मौजूदा 41 सीटों का अंतर बढ़कर 61 हो सकता है।
850 लोकसभा सीटें अंतिम संख्या नहीं
प्रस्तावित संविधान संशोधन में लोकसभा की अधिकतम अनुमेय सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसी तरह राज्यों की विधानसभाओं की अधिकतम संवैधानिक सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
हालांकि, ये आंकड़े अधिकतम सीमा हैं, न कि वास्तविक सीटों की अंतिम संख्या। न्यूज एजेंसी यूएनआई के अनुसार, प्रस्तावित विस्तार के बाद लोकसभा की निर्वाचित सीटें 543 से बढ़कर लगभग 816 हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा की मौजूदा 403 सीटें बढ़कर लगभग 605 हो सकती हैं। अंतिम संख्या परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय होगी।
1971 और 2011 की जनगणना की होगी अलग-अलग भूमिका
नए परिसीमन ढांचे में राज्यों के बीच सीटों का वितरण और राज्यों के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए अलग-अलग आधार रखे गए हैं।
राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना पर आधारित व्यवस्था के अनुसार बरकरार रखा जाएगा। वहीं राज्यों के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का निर्धारण नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होगा। यदि नई जनगणना के आंकड़े उपलब्ध नहीं होते हैं, तो 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा।
प्रस्ताव के अनुसार, सीटों का नया आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2051 तक लागू रहेंगी। इसका मतलब है कि किसी राज्य की लोकसभा में हिस्सेदारी लगभग समान रह सकती है, लेकिन राज्य के भीतर मतदाताओं के लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र बदल सकते हैं।
महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण
नए प्रस्ताव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा महिला आरक्षण भी है। संविधान के 106वें संशोधन यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए लगभग एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया था।
पहले महिला आरक्षण का क्रियान्वयन अगली जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जुड़ा हुआ था। अब प्रस्तावित संविधान संशोधन के जरिए इस निर्भरता को समाप्त कर नए परिसीमन के बाद महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार किया जा रहा है।
लोकसभा की सीटें बढ़ने से महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ जाएगी। हालांकि, कांग्रेस का सवाल है कि जब मौजूदा 543 सीटों पर ही महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है, तो सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत क्यों है?
संशोधित प्रावधानों के अनुसार, महिला आरक्षण की 15 साल की अवधि की गणना संविधान के 106वें संशोधन अधिनियम के लागू होने की तारीख से की जाएगी। संसद कानून बनाकर इस अवधि को आगे बढ़ा सकेगी। आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों को समय-समय पर रोटेट करने का भी प्रावधान है।
अप्रैल में लोकसभा में गिर गया था पिछला विधेयक
इससे पहले केंद्र सरकार का संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 इसी साल 17 अप्रैल को लोकसभा में जरूरी विशेष बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। यूएनआई के मुताबिक, मतदान के दौरान विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। इस तरह विधेयक दो-तिहाई बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से 54 वोट पीछे रह गया था।
उस समय क्षेत्रीय दलों ने जनसंख्या आधारित सीटों के पुनर्वितरण पर आपत्ति जताई थी। इसी के बाद सरकार ने संशोधित फॉर्मूले में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 50 प्रतिशत समान वृद्धि तथा 2051 तक अंतर-राज्यीय प्रतिनिधित्व का अनुपात बरकरार रखने का प्रावधान शामिल किया है।
2029 के चुनाव से पहले पूरी करनी होगी प्रक्रिया
नए परिसीमन फॉर्मूले को लागू करने के लिए सबसे पहले संविधान संशोधन विधेयक को संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत से पारित कराना होगा। इसके बाद केंद्र सरकार परिसीमन आयोग का गठन करेगी। आयोग अतिरिक्त सीटों के आवंटन, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की पहचान का काम करेगा।
सरकार की कोशिश है कि यह पूरी प्रक्रिया 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले पूरी हो जाए। हालांकि, इसके लिए संसद की मंजूरी और परिसीमन आयोग की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।







