BREAKING

ताज़ा खबरदेश दुनिया खबर

LPG सिलेंडर पर नया नियम: PNG कनेक्शन के लिए 90 दिनों में करना होगा आवेदन

नई दिल्ली। घरों में खाना बनाने के लिए LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन के जरिए PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) की सुविधा उपलब्ध है, वहां रहने वाले पात्र LPG ग्राहकों को अब गैस कंपनियों की ओर से नोटिस मिलने पर 90 दिनों के भीतर PNG कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा। निर्धारित समय में आवेदन नहीं करने पर उनकी LPG सप्लाई बंद की जा सकती है।

हालांकि, उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार के मुताबिक, जब तक घर में PNG कनेक्शन चालू नहीं हो जाता, तब तक LPG सिलेंडर की सप्लाई जारी रहेगी। यह नियम सभी LPG उपभोक्ताओं पर एक साथ लागू नहीं होगा। इसका दायरा केवल उन पात्र ग्राहकों तक सीमित है, जिनके क्षेत्र में PNG नेटवर्क उपलब्ध है और जिन्हें संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी (OMC) या सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनी की ओर से आधिकारिक सूचना दी गई है।

ऑनलाइन पोर्टल से कर सकते हैं आवेदन

PNG कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सरकार ने यूनिफाइड ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। इसके माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही आवेदन की स्थिति और अपने क्षेत्र की गैस ऑपरेटर कंपनी की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल mypng.gov.in पर जाना होगा।

ऐसे करें PNG कनेक्शन के लिए आवेदन

सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर जाकर लॉगिन या रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके बाद PNG कनेक्शन के लिए आवेदन का विकल्प चुनकर मांगी गई जानकारी भरनी होगी। पहचान और पते से जुड़े जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन में दी गई जानकारी जांचकर फॉर्म सबमिट करना होगा। आगे की प्रक्रिया की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध निर्देशों के माध्यम से मिल जाएगी।

आवेदन के लिए जरूरी हो सकते हैं ये दस्तावेज

PNG कनेक्शन के लिए आवेदन और KYC सत्यापन के दौरान पहचान और आवास से संबंधित दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। इनमें पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, वोटर आईडी, अन्य सरकारी पहचान पत्र और स्टूडेंट आईडी शामिल हैं। वहीं, पते या संपत्ति के प्रमाण के रूप में रजिस्टर्ड सेल डीड, बिजली या पानी का ताजा बिल, म्यूटेशन सर्टिफिकेट, सोसाइटी शेयर सर्टिफिकेट, पजेशन लेटर, अलॉटमेंट लेटर, इंडेक्स-2 की कॉपी और नगर निगम का प्रॉपर्टी टैक्स बिल मांगा जा सकता है।

उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर दस्तावेजों की सूची जरूर जांच लें, क्योंकि कनेक्शन और मकान की स्थिति के अनुसार दस्तावेजों की जरूरत अलग-अलग हो सकती है।

किन LPG उपभोक्ताओं पर लागू होगा 90 दिन का नियम?

यह समयसीमा सभी LPG ग्राहकों के लिए एक साथ शुरू नहीं होगी। जिन क्षेत्रों में PNG पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध है, वहां के पात्र LPG उपभोक्ताओं को संबंधित गैस कंपनी की ओर से आधिकारिक नोटिस मिलने के बाद 90 दिनों के भीतर PNG कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा। यदि निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं किया जाता है, तो LPG सप्लाई बंद की जा सकती है।

हालांकि, PNG कनेक्शन चालू होने तक LPG की आपूर्ति जारी रखने का प्रावधान है। ऐसे में यदि किसी उपभोक्ता को PNG कनेक्शन के संबंध में गैस कंपनी से नोटिस या मैसेज मिलता है, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सबसे पहले अपने क्षेत्र में PNG की उपलब्धता की जानकारी लें और फिर आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी करें।

Related Posts