BREAKING

छत्तीसगढताज़ा खबर

गुढ़ियारी में 5 सितंबर को दही हांडी का महासंग्राम, 15 लाख की इनामी बाजी पर टिकी निगाहें

रायपुर। राजधानी रायपुर में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में 5 सितंबर को होने वाला दही हांडी उत्सव इस बार श्रद्धा, रोमांच और मनोरंजन का बड़ा संगम बनने जा रहा है। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति और श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से भी गोविंदा टोलियां पहुंचेंगी।

शनिवार को दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन का यह 16वां वर्ष है। प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण 15 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार रहेगा। दही हांडी फोड़ने के लिए विभिन्न टीमें अपनी ताकत, संतुलन और सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली अन्य टोलियों को भी समिति की ओर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से भी टीमें तैयार

आयोजकों के मुताबिक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत प्रदेश के कई जिलों से अब तक करीब 26 गोविंदा और महिला गोविंदा टोलियों का पंजीयन हो चुका है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर तथा जबलपुर से भी टीमों ने प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पंजीयन कराया है। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है।

संगीत की शाम में बी प्राक का जलवा

दही हांडी के रोमांच के साथ कार्यक्रम में सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित होगी। लोकप्रिय गायक बी प्राक अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। उनके साथ भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी। आयोजकों को उम्मीद है कि धार्मिक उत्सव के साथ होने वाली यह संगीत संध्या युवाओं के लिए खास आकर्षण बनेगी।

महिला गोविंदा टीमों को भी मिलेगा मंच

इस बार पुरुषों के साथ महिला गोविंदा टोलियां भी दही हांडी प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगी। इसके अलावा ग्रीस लगे खंभे पर दही हांडी फोड़ने की चुनौती प्रतियोगिता को और रोमांचक बनाएगी। अलग-अलग राज्यों से आने वाली टीमों के बीच मुकाबला दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस

आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। प्रशासन के सहयोग से पुलिस बल की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। दर्शकों के बैठने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।

आयोजकों ने सभी गोविंदा टोलियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता के दौरान किसी टोली द्वारा अपने स्तर पर किए गए प्रयास से होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की होगी।

समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने रायपुरवासियों और कृष्ण भक्तों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दही हांडी उत्सव को सामूहिक उत्साह और भक्ति के साथ मनाते हुए “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गुढ़ियारी को कृष्णमय बनाया जाए।

प्रेस वार्ता में पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम एवं भगत अग्रवाल सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Posts