प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने के बाद देश की चुनावी व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव है। सरकार का लक्ष्य इन बदलावों को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करना है।
प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर करीब 814-815 हो सकती हैं। वहीं, सदन की अधिकतम सदस्य संख्या 850 निर्धारित करने का प्रावधान है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। राज्यों की विधानसभाओं में भी मौजूदा सदस्य संख्या के मुकाबले 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक हो सकती है।
क्या है परिसीमन बिल?
परिसीमन का मतलब लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करना और सीटों का पुनर्निर्धारण करना है। इसका उद्देश्य आबादी और प्रतिनिधित्व के बीच संतुलन बनाए रखना है। परिसीमन आयोग इस प्रक्रिया के तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करता है और सीटों के आरक्षण से जुड़े फैसले भी करता है।
15 पॉइंट्स में समझें परिसीमन बिल के बड़े बदलाव
1. लोकसभा और विधानसभाओं में बढ़ेंगी सीटें: प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी।
2. लोकसभा में अधिकतम 850 सदस्य: प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान है। इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं।
3. विधानसभाओं का भी होगा विस्तार: सभी राज्यों और संबंधित केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं में सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव है। अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक रखी जा सकती है।
4. उत्तर प्रदेश विधानसभा में हो सकती हैं 605 सीटें: उत्तर प्रदेश विधानसभा में फिलहाल 403 सीटें हैं। प्रस्ताव के अनुसार 50 प्रतिशत वृद्धि होने पर इनकी संख्या करीब 605 हो सकती है।
5. राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात रहेगा कायम: प्रस्ताव के तहत राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आनुपातिक बंटवारा 2051 तक सुरक्षित रखने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य दक्षिणी राज्यों की संसद में हिस्सेदारी कम होने की आशंका को दूर करना है।
6. निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर: प्रस्ताव के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण संशोधन लागू होने के समय उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा। फिलहाल उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना 2011 की है।
7. महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण: लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रस्ताव है।
8. SC-ST महिलाओं को भी आरक्षण: अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी करीब एक-तिहाई सीटें संबंधित वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
9. महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया में बदलाव: 2023 के महिला आरक्षण कानून में आरक्षण को अगली जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया था। नए प्रस्ताव में इस व्यवस्था में संशोधन कर बदलाव लागू होने के बाद होने वाले पहले परिसीमन से आरक्षण लागू करने की तैयारी है।
10. महिला आरक्षण की अवधि 15 साल: प्रस्ताव के मुताबिक महिला आरक्षण 15 वर्षों के लिए लागू होगा। हालांकि, संसद कानून बनाकर इसकी अवधि आगे बढ़ा सकती है।
11. आरक्षित सीटों में होगा रोटेशन: महिलाओं के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में समय-समय पर बदलाव किया जाएगा। सीटों के आवंटन और रोटेशन की प्रक्रिया परिसीमन आयोग तय करेगा।
12. नए परिसीमन आयोग का गठन: निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने, सीटों का पुनर्निर्धारण करने और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की पहचान करने के लिए परिसीमन आयोग गठित किया जाएगा।
13. 2029 के चुनाव से लागू करने का लक्ष्य: केंद्र सरकार की कोशिश है कि नया परिसीमन और महिला आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू हो जाए। हालांकि, यह संसद में विधेयकों के पारित होने और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।
14. 2051 तक स्थिर रह सकती है राज्यों की हिस्सेदारी: प्रस्ताव के अनुसार राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात 2051 तक कायम रखने की व्यवस्था की जाएगी। इससे राज्यों के प्रतिनिधित्व में बड़े बदलाव की आशंका कम करने की कोशिश है।
15. तीन विधायी प्रस्तावों से आएगा बदलाव: नई व्यवस्था लागू करने के लिए संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक और केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित संशोधन विधेयक लाने की तैयारी है।
दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी कम नहीं होगी: चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से दक्षिण भारत के राज्यों का संसद में मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रभावित नहीं होगा। नायडू ने सभी राजनीतिक दलों से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण लंबे समय से लंबित है और अब इसे लागू करने का समय आ गया है।
क्या बदलेगी देश की चुनावी तस्वीर?
यदि प्रस्तावित विधेयक संसद से पारित होकर लागू होते हैं, तो लोकसभा और विधानसभाओं की सदस्य संख्या में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय होंगी और महिलाओं को संसद तथा विधानसभाओं में एक-तिहाई आरक्षण मिलेगा। हालांकि, इन बदलावों की वास्तविक तस्वीर विधेयकों के पारित होने, परिसीमन आयोग की प्रक्रिया और अंतिम सीट आवंटन के बाद ही स्पष्ट होगी।







