नई दिल्ली। संसद में परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के मुताबिक, संसद के आगामी विशेष सत्र में ये सांसद अपनी मर्जी से मतदान कर सकेंगे। यानी अयोग्यता की याचिकाएं लंबित होने के बावजूद उन्हें वोटिंग से नहीं रोका जाएगा। परिसीमन बिल पर होने वाली वोटिंग में इन सांसदों की भूमिका अहम हो सकती है।
अयोग्यता की याचिका लंबित, फिर भी वोटिंग का अधिकार
यह मामला तब चर्चा में आया, जब टीएमसी की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने 20 बागी सांसदों के मतदान अधिकारों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा था कि इन सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की याचिकाएं दाखिल हुए छह महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं आया है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, लोकसभा सचिवालय के सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि किसी सांसद को तब तक मतदान से नहीं रोका जा सकता, जब तक उसे औपचारिक रूप से अयोग्य घोषित नहीं कर दिया जाता। केवल अयोग्यता की याचिका लंबित होने से सांसद के संसदीय अधिकार समाप्त नहीं होते। फैसला आने तक वे सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने और मतदान करने के पात्र हैं।
जून में TMC से अलग हुए थे 20 सांसद
जानकारी के मुताबिक, काकली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में 20 सांसद इस साल जून में पश्चिम बंगाल में टीएमसी की हार के बाद पार्टी से अलग हो गए थे। इसके बाद उन्होंने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय का ऐलान करते हुए एनडीए को समर्थन देने की घोषणा की थी।
इस बागी गुट में सायोनी घोष, यूसुफ पठान, सुदीप बंद्योपाध्याय, काकली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, जून मालिया, दीपक अधिकारी (देव) और रचना बनर्जी समेत 20 सांसद शामिल बताए गए हैं। इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर टीएमसी सांसदों से अलग बैठने की व्यवस्था करने की मांग की थी। स्पीकर ने उनकी मांग स्वीकार कर ली थी।
इसके बाद टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने इन सभी सांसदों की सदस्यता समाप्त करने के लिए अलग-अलग अयोग्यता याचिकाएं दाखिल की थीं।
स्पीकर के सामने जवाब दाखिल, अब फैसले का इंतजार
लोकसभा सचिवालय ने अयोग्यता याचिकाओं के संबंध में 26 अगस्त 2026 को सभी 20 सांसदों को नोटिस जारी किए थे। पांच बार समय बढ़ाए जाने के बाद सांसदों ने 24 नवंबर को लोकसभा स्पीकर के सामने अपना लिखित जवाब जमा कर दिया। अब स्पीकर इन जवाबों की जांच के बाद अयोग्यता याचिकाओं पर अंतिम फैसला लेंगे।
वहीं, टीएमसी ने अयोग्यता की कार्यवाही पर जल्द निर्णय लेने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का भी रुख किया है।
दो-तिहाई सांसदों के समर्थन का किया था दावा
बागी सांसदों ने दावा किया था कि टीएमसी के लोकसभा सांसदों में दो-तिहाई से अधिक उनके साथ हैं। इसी आधार पर उन्होंने दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता से बचने के लिए NCPI में विलय का ऐलान किया था। अब परिसीमन बिल पर मतदान से पहले इन सांसदों को वोटिंग का अधिकार मिलने के संकेत ने संसद की राजनीतिक गणित को चर्चा में ला दिया है।







