BREAKING

खेलताज़ा खबर

U19 एशिया कप फाइनल में भारत-पाकिस्तान की टक्कर, टीम इंडिया के पास दोहरी हार का बदला लेने का मौका

मस्कट: अंडर-19 वनडे एशिया कप 2026 का खिताबी मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम ने गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। अब फाइनल में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें आमने-सामने होंगी।

14 नवंबर को होगा महामुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला शनिवार, 14 नवंबर को ओमान के अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच की शुरुआत सुबह 10:30 बजे होगी, जबकि टॉस सुबह 10 बजे किया जाएगा। क्रिकेट प्रशंसकों को एक बार फिर दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।

अफगानिस्तान को हराकर भारत ने बनाई फाइनल में जगह

सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए थे। भारत को जीत के लिए 228 रनों का लक्ष्य मिला। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और महज 36.5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।

पाकिस्तान से पिछली हार का बदला लेने का मौका

फाइनल भारतीय टीम के लिए पिछली हार का हिसाब बराबर करने का बड़ा मौका होगा। टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इतना ही नहीं, 2025 के एशिया कप फाइनल में भी पाकिस्तान ने भारत को 191 रनों के बड़े अंतर से हराया था। ऐसे में इस बार टीम इंडिया की नजर खिताब जीतने के साथ-साथ पाकिस्तान से बदला लेने पर भी होगी।

एशिया कप में भारत सबसे सफल टीम

अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में भारतीय टीम का दबदबा रहा है। भारत अब तक रिकॉर्ड 8 बार यह खिताब जीत चुका है। वहीं, पाकिस्तान और बांग्लादेश ने 2-2 बार ट्रॉफी अपने नाम की है। हालांकि, भारत को पिछले दो फाइनल में हार मिली थी। 2024 में बांग्लादेश और 2025 में पाकिस्तान ने भारत को खिताबी मुकाबले में शिकस्त दी थी। ऐसे में भारतीय टीम इस बार जीत के साथ खिताबी सूखे को खत्म करना चाहेगी।

कप्तान लक्ष्य रायचंदानी को फाइनल से बड़ी उम्मीदें

अफगानिस्तान के खिलाफ जीत के बाद भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने फाइनल को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि यह एक शानदार फाइनल होने वाला है और सभी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कप्तान ने उम्मीद जताई कि उनकी टीम खिताबी मुकाबले में भी मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करेगी।

Related Posts