BREAKING

ताज़ा खबरदेश दुनिया खबर

NCP विलय पर संजय राउत का बड़ा बयान, बोले- अजित पवार का गुट शरद पवार की पार्टी में नहीं होगा शामिल

मुंबई: महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर जारी सियासी चर्चाओं के बीच शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि NCP के विलय की चर्चा अब खत्म हो चुकी है और अजित पवार का गुट किसी भी सूरत में शरद पवार की मूल पार्टी में शामिल नहीं होगा।

शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि वह कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि दोनों गुटों के विलय का मुद्दा समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद इस विषय को इतना महत्व क्यों दिया जा रहा है? उन्होंने दोहराया कि अजित पवार के नेतृत्व वाला गुट शरद पवार की मूल पार्टी में विलय नहीं करेगा।

शरद पवार कभी BJP के साथ नहीं जाएंगे: राउत

संजय राउत ने शरद पवार के राजनीतिक विचारों का हवाला देते हुए कहा कि उनके भाजपा के साथ जाने की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने दावा किया कि शरद पवार अपनी आखिरी सांस तक BJP के साथ नहीं जाएंगे, क्योंकि उनकी विचारधारा भाजपा से पूरी तरह अलग है।

राउत के मुताबिक, शरद पवार ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन शाहू, फुले और डॉ. भीमराव आंबेडकर की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए बिताया है। ऐसे में उनसे जीवन के इस पड़ाव पर BJP में शामिल होने की उम्मीद करना भी शर्मनाक है।

BJP पर अफवाहें फैलाने का आरोप

उद्धव ठाकरे गुट के नेता ने इस मुद्दे पर BJP पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शरद पवार के भाजपा में शामिल होने जैसी बातें BJP की ओर से फैलाई जा रही हैं और इन्हें जानबूझकर हवा दी जा रही है। राउत ने सवाल उठाया कि आखिर कौन इस तरह की चर्चाओं को बढ़ावा दे रहा है?

अस्पताल में मुलाकात के बाद बढ़ी थीं विलय की चर्चाएं

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से शरद पवार और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले NCP गुटों के संभावित विलय को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। हाल ही में अस्पताल में भर्ती शरद पवार से मिलने के लिए सुनेत्रा पवार गुट के सांसद प्रफुल्ल पटेल पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद दोनों गुटों के एक साथ आने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था।

सुप्रिया सुले ने भी विलय की चर्चा पर लगाया विराम

वहीं, शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अजित दादा के निधन के बाद उन्होंने विलय से जुड़ी चर्चा पूरी तरह बंद कर दी है। उनके मुताबिक, अजित पवार के जीवित रहते इस विषय पर बातचीत हुई थी और उन्होंने खुद उनसे तथा पार्टी के अन्य नेताओं से इस बारे में चर्चा की थी। लेकिन अजित पवार के निधन के साथ ही यह मुद्दा समाप्त हो गया।

Related Posts