BREAKING

केंद्रीय गृह मंत्रीताज़ा खबर

भाजपा शासित सभी राज्यों में लागू होगा UCC, अमित शाह का बड़ा ऐलान

नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में सभी भाजपा शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में कानून धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि समानता और न्याय के सिद्धांतों पर आधारित होना चाहिए।

नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने समान नागरिक संहिता को संविधान के नीति निर्देशक सिद्धांतों में शामिल किया था। इसका उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को धर्म से ऊपर उठकर समान कानून का अधिकार देना था।

शाह ने कहा कि चाहे हिंदू हो, सिख हो, मुस्लिम हो, ईसाई हो या पारसी, देश के प्रत्येक नागरिक के लिए समान कानून होना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी स्थापना के समय से ही समान नागरिक संहिता की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि कानून का आधार धर्म नहीं होना चाहिए, बल्कि सभी नागरिकों को समानता और न्याय मिलना चाहिए।

गृह मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आने वाले समय में जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां सभी राज्यों में UCC लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने इसे भाजपा के पुराने संकल्प और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता बताया।

अमित शाह ने अपने संबोधन में संवैधानिक व्यवस्था और लोकतंत्र की मर्यादाओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश की जनता को यह अधिकार दिया है कि वह तय करे कि उस पर कौन शासन करेगा। वहीं, चुनी हुई सरकारों के लिए भी संविधान ने शासन संचालन की सीमाएं निर्धारित की हैं। सत्ता में आने वाली प्रत्येक सरकार को संवैधानिक दायरे में रहकर ही काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संविधान लोकतंत्र में जनता के अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ सरकारों की जिम्मेदारियां भी तय करता है। समान नागरिक संहिता का उद्देश्य भी देश में समानता, न्याय और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करना है।

Related Posts