Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार से पहले उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर में घर पर अंतिम रस्में निभाई गईं। इसके बाद सुबह पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा के लिए हरिद्वार रवाना किया गया।
मां के अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद भावुक नजर आए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अर्थी को कंधा भी दिया। बताया गया कि सीएम योगी रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और इस दौरान उन्होंने भोजन भी नहीं किया।
चंडीघाट पर होगा सावित्री देवी का अंतिम संस्कार
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे हरिद्वार के चंडीघाट पर किया जाएगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, यूपी भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी समेत कई नेता मौजूद रहेंगे।
अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ लौटने का कार्यक्रम है। वह शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
91 साल की उम्र में हुआ सावित्री देवी का निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया था। वह 91 वर्ष की थीं। ग्रामीणों के मुताबिक, वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचे और मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी।
गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान मिली थी निधन की सूचना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में शामिल थे। इसी दौरान उन्हें मां के निधन की सूचना मिली। कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने थे।
जानकारी के अनुसार, बीजेपी सांसद रवि किशन को सबसे पहले निधन की खबर मिली थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद करीब 61 मिनट का संबोधन पूरा होने पर अवनीश अवस्थी ने मंच के पीछे जाकर मुख्यमंत्री को मां के निधन की सूचना दी।
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित हुई शोक सभा
सावित्री देवी के निधन पर शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान मंदिर परिवार और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद से जुड़े लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मां के निधन पर भावुक श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए मातृत्व के महत्व को याद किया। उनके इस कठिन समय में राजनीतिक और सामाजिक जगत के लोगों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।







