BREAKING

छत्तीसगढताज़ा खबर

डाककर्मियों, पेंशनरों और उपभोक्ताओं की समस्याओं का होगा समाधान, रायपुर में लगेगी अदालत

रायपुर। डाक कार्मिकों, ग्रामीण डाक सेवकों, पेंशनरों और डाक सेवाओं के उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय डाक विभाग के छत्तीसगढ़ परिमंडल द्वारा 4 दिसंबर 2026 को परिमंडल स्तरीय अदालतों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत डाक कार्मिक अदालत, ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) अदालत, पेंशनर अदालत और डाक अदालत लगाई जाएगी। आयोजन सुबह 11 बजे से रायपुर स्थित मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में होगा।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल कार्यालय के अनुसार, इन अदालतों में डाक कर्मचारियों की सेवा संबंधी शिकायतों, ग्रामीण डाक सेवकों के नियोजन से जुड़े मामलों और पेंशनरों की पेंशन भुगतान संबंधी समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। इसके साथ ही आम उपभोक्ताओं को डाक सेवाओं में आ रही परेशानियों का भी निराकरण किया जाएगा।

डाक अदालत में डाक वस्तुओं के वितरण में देरी, डाकघर काउंटर सेवाओं, स्पीड पोस्ट तथा डाक जीवन बीमा (पीएलआई) से संबंधित शिकायतों पर विचार किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य संबंधित लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

2 दिसंबर तक जमा करनी होगी शिकायत

डाक विभाग ने संबंधित कर्मचारियों, ग्रामीण डाक सेवकों, पेंशनरों और उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी शिकायतें आवश्यक विवरण और संबंधित दस्तावेजों के साथ 2 दिसंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक प्रस्तुत करें। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त शिकायतों को 4 दिसंबर को आयोजित अदालतों में शामिल नहीं किया जाएगा।

शिकायत आवेदन में आवेदक का नाम, पूरा पता, जिला, पिन कोड, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करना अनिवार्य होगा, ताकि शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

यहां होगा अदालतों का आयोजन

परिमंडल स्तरीय अदालतों का आयोजन रायपुर जीपीओ भवन की दूसरी मंजिल, जय स्तंभ चौक स्थित मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में किया जाएगा। इच्छुक आवेदक निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी शिकायतें कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

Related Posts