IPL 2026 का खूमार खत्म हो जुका है, मगर सरफराज खान है कि रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आईपीएल में ज्यादा मौके ना मिलने के बाद वह मुंबई टी20 लीग में धमाल मचा रहे हैं। इस लीग में वह नए रोल में भी नजर आ रहे हैं। शुक्रवार, 5 जून को आकाश टाइगर्स MWS बनाम नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के बीच मुंबई टी20 लीग का 10वां मैच खेला गया। इस मैच में सरफराज खान ने 17 गेंदों पर लीग की ज्वॉइंट फास्टेट फिफ्टी जड़ी, वहीं 21 गेंदों पर 295.24 के स्ट्राइक रेट के साथ 62 रनों की पारी खेली। सरफराज खान की पारी में सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने यह रन बतौर ओपनर बनाए हैं। अभी तक वह हर फॉर्मेट में बतौर मिडिल ऑर्डर ही बल्लेबाज खेलते नजर आए हैं, मगर मुंबई टी20 लीग में उन्हें पारी का आगाज करने का मौका मिला, जिसका फायदा उन्होंने उठाया।
टीम को जीत नहीं दिला सके सरफराज खान
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 194 रन बोर्ड पर लगाए थे। आयुष वर्तक ने 41 गेंदों पर 3 चौकों और 7 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 83 रनों की नाबाद पारी खेल टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम रोल अदा किया। एक समय पर नॉर्थ मुंबई की टीम 87 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा चुकी थी, तब 5वें नंबर पर आकर आयुष वर्तक ने यह धुआंधार पारी खेली।
195 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी आकाश टाइगर्स MWS की टीम को सरफराज खान ने तूफानी शुरुआत दिलाई। उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का ठोका। इसके बाद सरफराज लगातार नॉर्थ मुंबई के गेंदबाजों पर प्रहार करते गए और देखते ही देखते उन्होंने 17 गेंदों पर फिफ्टी जड़ दी।
यह मुंबई टी20 लीग में किसी भी बल्लेबाज द्वारा जड़ी गई संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी है।
सरफराज खान की पारी का अंत पावरप्ले में ही हो गया था। उन्होंने 21 गेंदों पर 8 चौकों और 4 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 295.24 का रहा।
सरफराज खान के आउट होने के बाद आकाश टाइगर्स MWS को 14 ओवर में 118 रनों की दरकार थी, मगर उनके आउट होने के बाद कोई बल्लेबाज ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाया। आकाश टाइगर्स MWS 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 172 ही रन बना सकी।
नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने यह मैच 22 रनों से जीता।






