गर्मियों का मौसम आते ही हर घर में एसी, कूलर, फ्रिज, पंखे, टीवी और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ जाता है। तेज गर्मी से राहत पाने के लिए ये चीजें जरूरी भी हैं, लेकिन महीने के आखिर में जब बिजली का बिल हाथ में आता है तो अच्छे-अच्छों का बीपी बढ़ जाता है। कई बार लोग सोचते हैं कि आखिर इतनी ज्यादा बिजली खर्च कैसे हो गई, जबकि वे सामान्य तरीके से ही उपकरण इस्तेमाल कर रहे होते हैं।
असल में, बिजली का बिल सिर्फ बड़े उपकरणों की वजह से नहीं बढ़ता, बल्कि हमारी रोजमर्रा की छोटी-छोटी गलतियां भी मीटर को तेज दौड़ाने का काम करती हैं। अगर आपका बिजली का बिल ज्यादा आ रहा है, तो कुछ चीजों को ध्यान में रखते हुए सिर्फ 5 तरीके अपनाएं। सिर्फ 1 महीना आप ये काम करके देखें आपको खुद ही बिल में फर्क दिखेगा।
बिजली का बिल बचाने के लिए 5 आसान तरीके
गर्मियों में बिजली का बिल बचाने और सभी उपकरणों को इस्तेमाल करने के लिए आपको कुछ चीजों का ध्यान रखना चाहिए। अगर आप कुछ सिंपल टिप्स को अपनाते हुए इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स को यूज करते हैं, तो खपत कम होगी।
1- AC चलाने का सही तरीका
- AC हर घर में चलता ही है और कई घरों में एक नहीं चार एसी होते हैं, जो हर कमरे में लगे होते हैं। अब चार एसी होंगे तो बिजली का बिल का बढ़ेगा ही। तो आपको करना क्या है कि हर AC को बारी-बारी और 24 डिग्री पर चलाएं। जैसे एक कमरा ठंडा हो जाए तब आप दूसरे कमरे का एसी चलाएं और फिर तीसरे का। जब आप 24 डिग्री पर एसी चलाते हैं, तो बिजली कम खर्च होगी और रूम भी ठंडा होगा। कमरे को जल्दी ठंडा करने के लिए पंखा भी कम स्पीड में चलाएं।
2- कूलर का इस्तेमाल
- कूलर में पानी भरें और इस पानी में बर्फ डालें या फिर ठंडा पानी भरें। ऐसा करने से कूलर कमरे को जल्दी ठंडा करेगा और फिर आप इसे बंद कर सकते हैं। रातभर कूलर चलाने से कमरे में नमी होने लगती है, इसलिए ठंडा करने के बाद इसे बंद कर दें। फिर जब कमरा गर्म होने लगे तब दोबारा ऑन करें।
3- BLDC फैन लगवाएं
- आजकल BLDC पंखों को घर पर लगवाकर आप बिजली की बचत कर सकते हैं। ज्यादातर घरों में साधारण पंखे लगे हुए हैं, जो बिजली ज्यादा खींचते हैं और हवा कम देते हैं। ये पंखे बिजली कम लेंगे और स्पीड ज्यादा होगी। अगर आप इन पंखों को नहीं लगवा सकते हैं, तो नॉर्मल ही रखें। लेकिन उनका कंडेनसर सही समय पर बदलते रहें, इससे स्पीड बेहतर होगी और खपत कम।
4- फ्रिज का यूज
- फ्रिज भी गर्मियों में जरूर उपकरण है, जिसका इस्तेमाल 24 घंटे करना पड़ता है। फ्रिज को सही से इस्तेमाल करने के लिए आपको इसमें ज्यादा लोड नहीं रखना है। फ्रिज में जितना कम सामान होगा, उतना ही बेहतर होगा। साथ ही दीवार से उसकी दूरी 6 इंच गैप पर रखें। अगर फ्रिज में ज्यादा जरूरी सामान ना हो तो उसे थोड़ी देर के लिए बंद करना भी बेहतर ऑप्शन होता है।
5- LED लाइट्स
- गर्मियों में पीले बल्ब का इस्तेमाल न करें, इनकी जगह LED लाइट्स का यूज करें। दिन में जरूरत न हो तो लाइट्स ऑफ रखें। एलईडी बल्ब कम बिजली खींचते हैं और ज्यादा रोशनी देते हैं। पीले वाले बल्ब हाई वॉट के होते हैं, जो ज्यादा खपत करते हैं।
टिप्स- इसके अलावा आप गीजर का इस्तेमाल सिर्फ तभी करें, जब जरूरत हो। एक्स्ट्रा टाइम के लिए न चलाएं और टीवी, पंखा, लाइट्स जैसे उपकरणों को भी ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें। फिजूल खर्ची कम करेंगे तो खपत कम होगी। जो भी इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स अगर बंद कर दिए हैं, तो उनके स्विच भी ऑफ करें। कई बार स्विच ऑन रहने से ही खपत होती रहती है, हमें लगता है कि ये तो बंद है।






