BREAKING

ताज़ा खबरदेश दुनिया खबर

रक्षाबंधन पर PM मोदी से लेकर अमित शाह तक ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

देशभर में आज (28, अगस्त) रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। भाई-बहन के इस पावन त्योहार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को रक्षाबंधन के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए संदेश जारी किया है।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, “मैं देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को रक्षा बंधन के पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। रक्षा-बंधन की पावन परंपरा, प्राचीन काल से हमारी उपासना और संस्कृति का अंग रही है। श्रद्धापूर्वक हाथ पर बांधे गए धागे को, रक्षा हेतु पवित्र सूत्र-बंधन, यानी रक्षा-बंधन माना गया है। अनेक श्लोकों और मंत्रों में, ‘रक्षै, मा चल, मा चल’ इन शब्दों में अनुरोध किया जाता है कि ‘हे रक्षा रूपी बंधन, तुम सदैव अचल रहो।’

राष्ट्रपति ने आगे कहा, “समय के साथ, रक्षा बंधन, बहन की रक्षा के लिए भाई के हाथ पर राखी बांधने के भावपूर्ण सामाजिक पर्व के रूप में लोकप्रिय हुआ। यह पर्व भाई-बहनों, मित्रों तथा परिवार और समाज के विभित्र सदस्यों के बीच आत्मीयता, सम्मान और एक-दूसरे के प्रति उत्तरदायित्व के भाव को सुदृढ़ करता है।”

राष्ट्रपति मुर्मू ने आगे लिखा, “यह पर्व हमें याद दिलाता है कि जीवन के हर रिश्ते की नींव विश्वास, संवेदनशीलता और परस्पर सहयोग पर आधारित होती है। आइए, रक्षा-बंधन के शुभ अवसर पर, हम समाज और देश की रक्षा के लिए संकल्प लें। साथ ही, इसी भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए आगे बढ़ते रहें।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर सदैव अटूट बनी रहे, यही कामना है।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पर लिखा, “भाई-बहन के आपसी स्नेह और भरोसे के पर्व रक्षाबंधन पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार हमारे देश की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और अपनत्व के अटूट रिश्तों का प्रतीक है। रक्षाबंधन केवल एक रक्षा-सूत्र बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प का उत्सव है।”

ओम बिड़ला ने आगे लिखा, “हमारी संस्कृति में रक्षा का अर्थ केवल बहन की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, उनकी गरिमा, उनके अधिकारों और उनके सपनों की रक्षा का भी संकल्प है। जब समाज की हर बेटी, हर बहन सुरक्षित, सम्मानित और आत्मविश्वास से आगे बढ़ेगी, तभी हमारा राष्ट्र और अधिक सशक्त बनेगा। इसी संदेश के साथ एक बार फिर सभी देशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, “समस्त देशवासियों को भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास को समर्पित ‘रक्षाबंधन’ के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई-बहन के अटूट स्नेह, परस्पर विश्वास और आत्मीयता का यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत करता है। यह पर्व हमें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के लिए प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा भी देता है। इस शुभ अवसर पर मैं कामना करता हूं कि हमारा समाज महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण के प्रति और अधिक सजग एवं संवेदनशील बने।”

Related Posts