चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लंबे समय से हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग ने टीम से अलग होने का फैसला कर लिया है। फ्रेंचाइजी ने इसे आपसी सहमति से लिया गया फैसला बताया है। करीब दो दशक तक टीम का हिस्सा रहे फ्लेमिंग ने चेन्नई सुपर किंग्स की कई ऐतिहासिक सफलताओं में अहम भूमिका निभाई है।
सपोर्ट स्टाफ में भी हो सकते हैं बदलाव
फ्लेमिंग के जाने के बाद अब गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस के भविष्य में बने रहने पर भी आशंका जताई जा रही है। बल्लेबाजी कोच माइक हसी को लेकर फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव कर सकती है। एसे में भारत के पूर्व बल्लेबाज और दिल्ली कैपिटल्स के मौजूदा कोच, हेमांग बदानी के कोचिंग स्टाफ के नए ढांचे में शामिल होने के लिए एक मजबूत दावेदार के तौर पर उभरे हैं।
फ्लेमिंग ने क्यों दिया इस्तीफा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में टेक्सास सुपर किंग्स का खराब प्रदर्शन फ्लेमिंग के लिए बड़ा झटका साबित हुआ। टीम 10 मैचों में सिर्फ तीन जीत हासिल कर सकी और रैंकिग लिस्ट में सबसे नीचे रही। इसके अलावा पिछले तीन आई पी एल (IPL) सीजन में भी चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
बहुत चर्चा के बाद लिया फैसला
चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन ने कहा कि ये फैसला फ्रेंचाइजी के कार्यकर्ताओं और मालिकों के साथ चर्चा के बाद लिया गया। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में इस फैसले को मंजूरी दी गई।
कौन बनेगा नया हेड कोच?
फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स ने नए हेड कोच के नाम पर कोई फैसला नहीं लिया है। फ्रेंचाइजी भारतीय और विदेशी दोनों विकल्पों पर विचार कर रही है। राहुल द्रविड़ और हेमांग बदानी जैसे नाम रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। उम्मीद है कि अगले महीने तक नए हेड कोच के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।






