BREAKING

ताज़ा खबर

IMD Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र, इन राज्यों में आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी में बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार, देश में इस समय कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, लक्षद्वीप, मन्नार की खाड़ी और मध्य असम के आसपास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

इन मौसमी गतिविधियों के कारण करीब 13 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। इसका असर दक्षिण भारत और आसपास के तटीय इलाकों के मौसम पर पड़ सकता है।

तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 11 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। यहां 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

आंधी-तूफान के साथ 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

केरल, माहे, लक्षद्वीप, असम और मेघालय सहित पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भी बिजली गिरने और आंधी-तूफान की आशंका है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में हल्के बादल और कोहरे का असर

दिल्ली-एनसीआर में 11 नवंबर को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

सुबह उत्तर-पूर्व दिशा से हवाएं चलेंगी, जबकि दोपहर में हवा की दिशा पश्चिम की ओर बदल सकती है। रात में फिर से उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है।

Related Posts