BREAKING

ताज़ा खबरदेश दुनिया खबर

UP Weather: यूपी में चक्रवात का असर, 7 जिलों में बारिश के आसार; 23 नवंबर से बढ़ेगी ठंड

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश में हवाओं की दिशा बदलने के साथ तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 नवंबर से पछुआ हवाओं की जगह पुरवा हवाएं चलने लगेंगी। इसके चलते 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के सात जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 23 नवंबर से तापमान में दोबारा गिरावट आने के आसार हैं, जिससे ठंड का असर बढ़ सकता है।

पूर्वांचल के सात जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान के असर से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 21 और 22 नवंबर को आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और गाजीपुर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 20 से 22 नवंबर के बीच पुरवा हवाओं का प्रभाव रहेगा। इस दौरान रात के तापमान में करीब तीन डिग्री और दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

23 नवंबर से फिर बढ़ेगी ठंड

प्रदेश में फिलहाल अगले दो दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। हालांकि, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से हवाओं का रुख बदलने के बाद कुछ समय के लिए तापमान बढ़ सकता है। इसके बाद 23 नवंबर से पारा फिर नीचे जाने की संभावना है। ऐसे में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ सकती है। नवंबर के आखिरी सप्ताह में लोगों को सर्दी का अधिक एहसास होने के आसार हैं।

पछुआ हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, मुजफ्फरनगर में सबसे कम तापमान

बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में ठंडी पछुआ हवाओं के चलते सर्दी का असर देखने को मिला। दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, कहीं भी घना कोहरा नहीं छाया।

तापमान के आंकड़ों के मुताबिक, मुरादाबाद में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था।

चक्रवाती तूफान का तटीय इलाकों में भी असर

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, तूफान के प्रभाव से तटीय इलाकों में 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। इसी मौसमी सिस्टम का असर उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

लखनऊ में भी बढ़ेगा तापमान, फिर लौटेगी सर्दी

राजधानी लखनऊ में भी अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। शुक्रवार से पुरवा हवाएं चलने के कारण रात के तापमान में तीन से चार डिग्री और दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। 21 और 22 नवंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।

बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर से तापमान में फिर गिरावट शुरू हो सकती है। इससे राजधानी समेत पूरे प्रदेश में ठंड का असर और तेज होने के आसार हैं।

Related Posts