BREAKING

छत्तीसगढताज़ा खबर

कार-स्कूटी की जोरदार भिड़ंत, देखते ही देखते आग में जलकर खाक हुई कार

डोंगरगढ़-मुरमुंदा रोड पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे कार और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। स्कूटी भी आग की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग गोंदिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं और परिवार राजनांदगांव से डोंगरगढ़ की ओर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आ रहा था।

हादसे में क्षतिग्रस्त कार पर MH35KR5879 नंबर दिखाई देने की जानकारी सामने आई है, जिससे वाहन के महाराष्ट्र पंजीकृत होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि वाहन मालिक और उसमें सवार लोगों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

वहीं, मौके पर मिली स्कूटी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सुबह करीब 8:30 बजे तक स्कूटी मालिक के सामने नहीं आने की जानकारी है। पुलिस स्कूटी के मालिक और हादसे के समय उसे चला रहे व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल दुर्घटना में किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों, वाहनों की गति और आग लगने के वास्तविक कारण की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Related Posts