Ujjain Shahi Masjid Violence: मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद से जुड़े विवाद ने सोमवार को तनाव का रूप ले लिया। मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति बिगड़ गई और पथराव शुरू हो गया। हालात संभालने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया।
मस्जिद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील इलाकों में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पथराव के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल करते हुए भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। पुलिस की ओर से लोगों से मौके से हटने और शांति बनाए रखने की अपील भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारी को चोट लगने की सूचना
विरोध कर रही महिलाओं को हटाने के दौरान क्राइम ब्रांच की टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर पुलिस की मौजूदगी और बढ़ा दी गई।
हजारों जवानों की तैनाती
विवाद को देखते हुए उज्जैन में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, 2500 से ज्यादा पुलिस जवान और अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। एसपी प्रदीप शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हालात की निगरानी कर रहे हैं।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों से जुड़ा है मामला
शाही मस्जिद को लेकर विवाद सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण से जुड़ा बताया जा रहा है। सड़क विस्तार की योजना में मस्जिद का कुछ हिस्सा प्रभावित होने की बात सामने आई है। इसी कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया।
मामले को लेकर अदालत में भी सुनवाई होनी है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।







