छपरा। अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट जा रही 14618 जनसेवा एक्सप्रेस के साधारण कोच में उस समय यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोग सांप लेकर डिब्बे में घूमते नजर आए। बताया गया कि सपेरे यात्रियों को सांप दिखाकर उनसे पैसे मांग रहे थे। भीड़भाड़ वाले कोच में फन फैलाए सांप को देखकर कई यात्री डर गए।
यात्रियों के मुताबिक, कुछ सपेरे जानबूझकर सांप को यात्रियों के बिल्कुल करीब ले जाकर उन्हें डराने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद उनसे रुपये मांगे जा रहे थे। इसी दौरान एक यात्री ने रेलवे प्रशासन से शिकायत कर मदद मांगी।
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई रेलवे की टीम
सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन ने आरपीएफ को अलर्ट किया। टीम ने ट्रेन के साधारण कोच में सांप लेकर घूम रहे लोगों की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में छह सपेरों को पकड़ लिया गया।
सभी को सांपों समेत दिघवारा स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया गया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपना पता स्पष्ट नहीं बताया है। कुछ ने लखनऊ तो कुछ ने हिमाचल प्रदेश का पता बताया।
ट्रेन में अनधिकृत गतिविधि पर रोक
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में अनधिकृत लोगों का इस तरह प्रवेश करना और यात्रियों को सांप दिखाकर पैसे मांगना नियमों के खिलाफ है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाजनक यात्रा को ध्यान में रखते हुए ऐसी गतिविधियों पर कार्रवाई की जाती है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में इस तरह की कोई घटना सामने आने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। समय पर शिकायत मिलने से ऐसी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सकती है।







