नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने माइक्रो एंटरप्राइजेज यानी छोटे कारोबारियों के लिए माइक्रो क्रेडिट कार्ड योजना (ME-Card) शुरू की है। इसके तहत पात्र कारोबारियों को ₹5 लाख तक की प्री-अप्रूव्ड रिवॉल्विंग क्रेडिट लिमिट वाला कार्ड मिल सकता है। इसका उद्देश्य छोटे कारोबारियों को वर्किंग कैपिटल आसानी से उपलब्ध कराना और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना है।
कैसे मिलेगा कार्ड?
इस योजना का लाभ लेने के लिए माइक्रो एंटरप्राइजेज का उद्यम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है। कार्ड जारी करने और क्रेडिट लिमिट तय करने का अंतिम फैसला संबंधित बैंक की क्रेडिट जांच और नीतियों के आधार पर होगा। शुरुआती आवेदकों के लिए जॉइनिंग फीस नहीं है, जबकि सालाना फीस अधिकतम ₹1,000 या कार्ड लिमिट का 1 प्रतिशत, जो भी कम हो, तय की गई है।
कारोबार में आएगा काम
कार्ड का इस्तेमाल कच्चा माल खरीदने, स्टॉक बढ़ाने, रोजमर्रा के खर्च और अस्थायी नकदी जरूरतों को पूरा करने में किया जा सकता है। यह रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा है, यानी चुकाई गई राशि को दोबारा स्वीकृत सीमा के भीतर इस्तेमाल किया जा सकता है।
बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025-26 में इस योजना की घोषणा की थी। सरकार ने पहले साल में 10 लाख माइक्रो एंटरप्राइजेज को कार्ड जारी करने का लक्ष्य रखा था।






