BREAKING

ताज़ा खबर

SL vs IND: श्रीलंका पहुंची टीम इंडिया, एयरपोर्ट पर कैसा रहा खिलाड़ियों का अंदाज? देखें वीडियो

शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार, 4 अगस्त को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका पहुंच गई। भारतीय टीम मुंबई से श्रीलंकन एयरलाइंस की फ्लाइट UL1144 से रवाना हुई और श्रीलंका के समयानुसार दोपहर 3:50 बजे कोलंबो के बंदरानायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी। यहां श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के अधिकारियों ने टीम का स्वागत किया।

भारत टेस्ट सीरीज से पहले 7 से 9 अगस्त तक कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (NCC) ग्राउंड पर श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगा। पहले ये मुकाबला चार दिनों का होना था, लेकिन श्रीलंका क्रिकेट ने इसमें बदलाव करते हुए इसे तीन दिन का कर दिया। एसएलसी ने बताया कि भारतीय टीम 4 अगस्त को श्रीलंका पहुंची है और अब अभ्यास मैच के बाद टेस्ट सीरीज की तैयारी करेगी।

सीरीज से पहले टीम को लगा झटका

सीरीज शुरू होने से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन टीम के साथ नहीं गए हैं। उनकी टीम में जगह पूरी तरह फिटनेस पर निर्भर थी, लेकिन वे अभी पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं। इस समय वे बेंगलुरु के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में रिहैब कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इस बात की पूरी संभावना है कि साई सुदर्शन पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे, जो टीम इंडिया के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। हालांकि वे दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम के साथ जुड़ सकते हैं।

आकिब नबी की हुई एंट्री

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह फिट नहीं हो पाए और उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में शामिल किया गया है। आकिब कश्मीर घाटी से भारतीय टेस्ट टीम में चुने जाने वाले पहले क्रिकेटर बने हैं।

उन्होंने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में 104 विकेट लिए हैं, जिनमें 2025-26 सीजन में जम्मू-कश्मीर को पहला रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाते हुए 60 विकेट शामिल हैं। हाल ही में भारत ए टीम के श्रीलंका दौरे पर भी उन्होंने दो फर्स्ट क्लास मैचों में छह विकेट लेकर प्रभावित किया था।

WTC में भारत की दूसरी सीरीज

भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के एसएससी मैदान पर होगा।

ये सीरीज 2025-27 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत की दूसरी सीरीज होगी। फिलहाल भारत नौ मैचों में चार जीत और चार हार के साथ 48.15 प्रतिशत अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। वहीं श्रीलंका एक जीत, एक हार और दो ड्रॉ के साथ 41.67 प्रतिशत अंकों के साथ छठे स्थान पर है।

भारत बनाम श्रीलंका टीम

भारतीय टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन (फिटनेस मंजूरी के अधीन), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी।

श्रीलंका टेस्ट टीम (संभावित लाइनअप): धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), दिमुथ करुणारत्ने, पथुम निसांका, दिनेश चांडीमल, कामिंडु मेंडिस। कुसल मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा। प्रभात जयसूर्या, रमेश मेंडिस। असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, कसुन राजिथा।

Related Posts