BREAKING

छत्तीसगढताज़ा खबर

PM आवास योजना पर आज आमने-सामने होंगे विजय शर्मा-भूपेश

रायपुर प्रेस क्लब में सियासी ओपन डिबेट की तैयारी; डिप्टी CM के पहुंचने की सूचना, भूपेश बघेल पर सस्पेंस

रायपुर। रायपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर आज सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बहस देखने को मिल सकती है। योजना के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच हुई चुनौती को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वीकार किया था। चुनौती के मुताबिक 15 सितंबर को दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने चर्चा प्रस्तावित है।

इस बहस के लिए रायपुर प्रेस क्लब में तैयारी की गई है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रेस क्लब पहुंचने की सूचना है। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों नेता एक मंच पर बैठकर प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर एक-दूसरे के सवालों का जवाब देंगे?

प्रेस क्लब में सुरक्षा बढ़ाई गई

ओपन डिबेट को लेकर रायपुर प्रेस क्लब परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कार्यक्रम में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।

आवास योजना पर पहले भी हुई सियासी बयानबाजी

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच लंबे समय से आरोप-प्रत्यारोप होते रहे हैं। भाजपा सरकार योजना के तहत बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत और निर्माण का दावा करती रही है, जबकि कांग्रेस की ओर से योजना के क्रियान्वयन और पुराने कार्यकाल से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं।

इसी राजनीतिक खींचतान के बीच दोनों पक्षों की ओर से सार्वजनिक बहस की चुनौती सामने आई थी। विजय शर्मा और भूपेश बघेल ने चुनौती स्वीकार कर ली थी। अब 15 सितंबर की प्रस्तावित ओपन डिबेट पर सबकी नजर है।

अगर भूपेश बघेल भी प्रेस क्लब पहुंचते हैं तो प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों और दावों को लेकर दोनों नेताओं के बीच सीधा सवाल-जवाब हो सकता है। फिलहाल कार्यक्रम से पहले सबसे बड़ा सस्पेंस पूर्व मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर बना हुआ है।

Related Posts