बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं। आईपीएल फाइनल के दौरान रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में सुनाई देने वाली कुछ आवाजों को लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह के दावे किए जाने लगे थे। मामला बढ़ता देख अब एक्ट्रेस ने खुद सामने आकर पूरी घटना की सच्चाई बताई है और अफवाहों पर विराम लगाने की कोशिश की है।
नुसरत भरूचा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी सेक्शन में कई तस्वीरें और स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक मामूली घटना को सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। एक्ट्रेस ने लिखा कि एक छोटे से पपी की आवाज को लेकर इतना बड़ा विवाद खड़ा कर दिया गया, जबकि वास्तविकता कुछ और थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके नाम से सोशल मीडिया पर एक कथित सफाई वायरल की गई, जो पूरी तरह फर्जी थी।
पपी की आवाज को लेकर फैली गलतफहमी
नुसरत के मुताबिक, जिस दिन वीडियो रिकॉर्ड की गई थी, वह अपने दोस्तों के घर पर आईपीएल फाइनल देख रही थीं। उसी दौरान घर में मौजूद एक पालतू पपी रोने जैसी आवाजें निकाल रहा था। वही आवाजें वीडियो में रिकॉर्ड हो गईं और बाद में लोगों ने उन्हें अलग-अलग तरीके से समझना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके एक दोस्त ने उसी समय दूसरे एंगल से भी वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें पपी की आवाज स्पष्ट रूप से सुनी जा सकती है। एक्ट्रेस ने इस दावे को मजबूत करने के लिए एक और वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह पपी साफ दिखाई दे रहा है।

डर की वजह से हटाया था वीडियो
नुसरत ने खुलासा किया कि उन्हें पहले ही सलाह दी गई थी कि वह वीडियो को सोशल मीडिया से हटा दें, क्योंकि कुछ लोग उसका गलत मतलब निकाल सकते हैं। इसी आशंका के चलते उन्होंने वीडियो डिलीट कर दी थी। हालांकि, वीडियो हटाने के बाद भी विवाद थमा नहीं और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। एक्ट्रेस का कहना है कि लोगों ने बिना तथ्य जाने अपनी-अपनी कहानियां बनानी शुरू कर दीं।
जिम्मेदारी से करें प्रतिक्रिया
अपने बयान के अंत में नुसरत भरूचा ने सोशल मीडिया यूजर्स से जिम्मेदार व्यवहार की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी के पास मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट होना यह अधिकार नहीं देता कि वह बिना पुष्टि के किसी के बारे में गलत बातें फैलाए। एक्ट्रेस ने लोगों से आग्रह किया कि किसी भी वायरल कंटेंट पर आंख बंद करके भरोसा करने के बजाय पहले उसकी सच्चाई जानें, समझें और फिर अपनी राय बनाएं।






