उत्तराखंड ब्यूरो रिपोर्ट। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक पहाड़ से पत्थर और मलबे में दबने से तीन यात्रियों की मौत हो गई,इसके अलावा आठ अन्य यात्री घायल हैं,साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है,यह हादसा केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा में हुआ है,इस बात की जानकारी देते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने बताया कि आज सुबह लगभग 8 बजे सूचना मिली की चीरबासा के पास पहाड़ी से मलबा व भारी पत्थर गिरने की वजह से कई यात्री दब गए।
इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंंह धामी ने पोस्ट शेयर किया है। जिसमें उन्होंने लिखा ‘केदारनाथ यात्रा मार्ग के पास पहाड़ी से मलबा व भारी पत्थर गिरने से कुछ यात्रियों के हताहत होने का ख़बर अत्यंत दुःखद है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है, इस सम्बन्ध में निरंतर अधिकारियों के संपर्क में हूं। हादसे में घायल हुए लोगों को त्वरित रूप से बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’