एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भारत की तीनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले सीधे गेमों में जीतकर टीम को एकतरफा जीत दिलाई।
पहले मुकाबले में सुतीर्था मुखर्जी ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने 11-3, 11-3 और 11-4 से जीत दर्ज कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद सिंड्रेला दास ने कुलसुम खान के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया और 11-6, 11-7 तथा 11-5 से मुकाबला जीतकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
तीसरे मुकाबले में श्रीजा अकुला ने फातिमा खान को 11-4, 11-4 और 11-5 से हराया। उनकी जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत ने शूटिंग में भी शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय महिला टीम ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं इलावेनिल वलारिवन ने व्यक्तिगत 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भी रजत पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में इजाफा किया। भारतीय खिलाड़ियों के लगातार अच्छे प्रदर्शन से प्रतियोगिता में देश का अभियान मजबूत हुआ है।







