उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सात पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। बलरामपुर में तैनात अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति राय को पदोन्नति देते हुए अपर आयुक्त, आजमगढ़ मंडल बनाया गया है।
बांदा के नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला को अब बलरामपुर का नया एडीएम वित्त एवं राजस्व नियुक्त किया गया है। वहीं बुलंदशहर में उप जिलाधिकारी के पद पर तैनात दिनेश चंद्र को बांदा का नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।चंदौली की एसडीएम दिव्या ओझा को बरेली का अपर जिलाधिकारी न्यायिक की जिम्मेदारी दी गई है। सबसे अहम तबादला प्रयागराज और गोरखपुर के नगर मजिस्ट्रेटों का आपस में हुआ है। प्रयागराज के नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह को गोरखपुर और गोरखपुर के नगर मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव को प्रयागराज भेजा गया है। इसके अलावा जन भवन लखनऊ में तैनात निधि पांडेय को अब लखनऊ का उप जिलाधिकारी बनाया गया है।
आपको बता दें कि इससे पहले राज्य सरकार ने 13 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए थे। गोरखपुर, बस्ती, बरेली व प्रयागराज में नए मंडलायुक्तों की तैनाती की गई है। बस्ती के मंडलायुक्त रहे अखिलेश सिंह के 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद खाली था। इंद्र विक्रम सिंह सचिव कृषि, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन तथा निदेशक राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद से गोरखपुर के मंडलायुक्त बनाए गए। वैभव श्रीवास्तव प्रबंध निदेशक पीसीडीएफ से बस्ती, शंभू कुमार प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम से बरेली और डा. लोकेश एम सचिव लोक निर्माण विभाग से प्रयागराज के मंडलायुक्त बनाए गए। अनिल ढींगड़ा मंडलायुक्त गोरखपुर से आवास आयुक्त आवास विकास परिषद निदेशक नगर भूमि सीमारोपण तथा सचिव आवास विभाग बनाए गए।
रविंद्र प्रमुख सचिव कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग को निदेशक राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। प्रकाश बिंदु सचिव गृह एवं सतर्कता विभाग से प्रबंध निदेशक पीसीडीएफ, भूपेंद्र एस. चौधरी मंडलायुक्त बरेली से सचिव प्रशासनिक सुधार बनाए गए। सौम्या अग्रवाल मंडलायुक्त प्रयागराज से श्रमायुक्त, संदीप कुमार सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद प्रयागराज से प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम बनाए गए । पुष्पराज सिंह सचिव गोरखपुर विकास प्राधिरकण से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा बनाए गए हैं। पुष्पराज सिंह हाल ही में पीसीएस से आईएएस के पद पर पदोन्नत हुए हैं। सतीश पाल अपर मुख्य कार्यपाल अधिकारी नोएडा से विशेष सचिव गृह विभाग और डा. बलकार सिंह आवास आयुक्त आवास विकास परिषद, निदेशक नगर भूमि सीमारोपण और सचिव आवास से मुख्य कार्यपाल अधिकारी राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण बनाए गए।






