BREAKING

उत्तर प्रदेशताज़ा खबर

गर्मी से तड़प रहे उत्तर भारत के लिए बड़ी खुशखबरी, इस दिन मानसून करेगा एंट्री, होगी झमाझम बारिश

भारत में मौसम ने धीमी गति के बाद अब तेजी से करवट लेने शुरू कर दिया है। 4 जून को मानसून केरल में पहुंचा था। मानसून अब तक 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रवेश कर चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले तीन से चार दिनों में इसके उत्तर बंगाल तक पहुंचने की संभावना है।

मानसून के प्रभाव से केरल, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। कई इलाकों में लगातार बारिश दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार समेत पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून अब केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के सभी सात राज्यों तक पहुंच चुका है। अगले तीन दिनों में इसके पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और अन्य आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचने की उम्मीद है। IMD के मुताबिक मानसून के आगे बढ़ने के लिए इन इलाकों में मौसम अच्छा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान उप-हिमालयी क्षेत्र जैसे पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय के कई इलाकों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक  बारिश हुई। मुंबई में भी मानसून की पहली बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

दूसरी ओर, उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार को देश में सबसे अधिक रहा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ में तापमान 44.8 डिग्री और वाराणसी में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा के रोहतक में पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पंजाब के पटियाला में 42.6 डिग्री और झारखंड के डाल्टनगंज में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गर्मी और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Related Posts