BREAKING

ताज़ा खबरदेश दुनिया खबर

कीलों की शैय्या पर लेटकर मां दुर्गा की आराधना, देखने उमड़ रहे श्रद्धालु

कौशांबी। शारदीय नवरात्र के दौरान जिले में देवी आराधना का माहौल बना हुआ है। मंदिरों में पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के बीच नगर पालिका भरवारी के अमहा गांव में एक महिला की कठिन साधना लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतापगढ़ से आई सुदेश्वरी दुर्गा लोहे की कीलों से तैयार शैय्या पर लेटकर मां दुर्गा की उपासना कर रही हैं।

सुदेश्वरी की इस अनोखी साधना को देखने के लिए आसपास के गांवों के साथ ही दूर-दराज के इलाकों से भी लोग अमहा पहुंच रहे हैं। दिनभर उनके साधना स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। शाम के समय वातावरण भक्तिमय हो जाता है और देवी के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठता है।

चार साल से कर रहीं कठिन साधना

प्रतापगढ़ जिले के पुन्नेमऊ गांव की रहने वाली सुदेश्वरी दुर्गा पिछले चार वर्षों से मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं। इस वर्ष वह अपनी बहन शिमला देवी के घर अमहा गांव आई हैं। यहां भी उन्होंने अपनी साधना जारी रखी है।

सुदेश्वरी के मुताबिक करीब चार वर्ष पहले वह गंभीर बीमारी से परेशान थीं। लंबे समय तक इलाज कराने के बावजूद उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिली। इसी दौरान उन्होंने दावा किया कि मां दुर्गा उनके सपने में आईं और उन्हें तपस्या करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने देवी की आराधना शुरू कर दी।

महिला का कहना है कि साधना शुरू करने के बाद उनकी परेशानियां धीरे-धीरे दूर होने लगीं। तभी से वह हर वर्ष नवरात्र के दौरान कठिन तपस्या करती आ रही हैं। कीलों की शैय्या पर उनकी साधना देखने पहुंच रहे श्रद्धालु इसे देवी के प्रति उनकी गहरी आस्था और समर्पण से जोड़कर देख रहे हैं।

Related Posts