नेशनल डेस्क। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप पार्टी को बड़ा झटका लगा है,नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल चुनाव हार गए हैं।अरविंद केजरीवाल को बीजेपी के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने चुनाव हराया है। अरविंद केजरीवाल का चुनाव हारना आम आदमी पार्टी के बड़ा सेटबैक माना जा रहा है। जीत दर्ज करने के बाद प्रवेश वर्मा गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे हैं।
सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होने के साथ ही अरविंद केजरीवाल लगातार पीछे चलते रहे। करीब दो घंटे वोटों की गिनती के बाद अरविंद केजरीवाल कुछ देर के लिए बढ़त बना पाए, लेकिन आखिरकार वह चुनाव हार गए।
आप के सीएम प्रत्याशी थे केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने साफ तौर से कहा था कि अगर उनकी पार्टी चुनाव जीतती है तो वह एक बार फिर से दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि आतिशी के केवल चुनाव तक सीएम हैं। अब अरविंद केजरीवाल खुद चुनाव हार गए हैं।