लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उत्तर प्रदेश के चुनावी परिणामों को प्रभावित करने के उद्देश्य से परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगी।
लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को जब उत्तर प्रदेश में चुनावी परिस्थितियां अपने अनुकूल नहीं दिख रही हैं, तब वह परिसीमन जैसे मुद्दों को सामने लाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी विवादों और अन्य मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
सपा प्रमुख ने नोटबंदी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के समय सरकार ने भ्रष्टाचार और आतंकवाद खत्म करने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन आज भी भ्रष्टाचार को लेकर सवाल बने हुए हैं। उन्होंने नोटबंदी के दौरान जन्मे खजांची का जिक्र करते हुए कहा कि आज भी उसका जन्मदिन मनाया जाता है।
अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर भी केंद्र सरकार से सवाल किए। उन्होंने चीन की कथित घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने पूछा कि वर्ष 2014 से पहले और वर्तमान समय में देश की क्षेत्रीय स्थिति को लेकर सरकार स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं देती।
महंगाई के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से आम जरूरत की कई वस्तुओं के दाम बढ़े हैं। उन्होंने साबुन, बिस्कुट, खाद्य तेल, रसोई गैस, चीनी और बिजली की कीमतों का उल्लेख करते हुए कहा कि आम जनता लगातार महंगाई का सामना कर रही है।
उन्होंने भाजपा के ‘एक देश, एक चुनाव’ के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने की बात करते हैं, वे पहले एक समान और त्रुटिरहित मतदाता सूची सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान हटाए गए मतदाताओं के आंकड़ों में कथित अंतर को लेकर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से करीब 2.5 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने की बात कही गई, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटने का उल्लेख किया था। उन्होंने सवाल किया कि दोनों आंकड़ों में कौन सही है और जनता को वास्तविक स्थिति बताई जानी चाहिए।
इस दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी राजनीतिक तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक नाम ऐसा है, जो भविष्य के मुख्यमंत्रियों की सूची से हमेशा के लिए गायब हो गया है। उनका यह बयान प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया।







