नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया हॉकी वर्ल्ड कप मुकाबला बेहद रोमांचक और हाईवोल्टेज साबित हुआ। शुरुआत से अंत तक चले कांटे की टक्कर वाले इस मैच में इंग्लैंड ने भारतीय डिफेंस की चूक का पूरा फायदा उठाते हुए 4-2 से बाजी मार ली। पहले क्वार्टर में पिछड़ने के बाद भारत ने दूसरे क्वार्टर में शानदार वापसी की थी लेकिन तीसरे और चौथे क्वार्टर में इंग्लैंड के आक्रामक तेवरों के सामने भारतीय टीम अपनी बढ़त बरकरार नहीं रख सकी।
पहले क्वार्टर में इंग्लैंड को बढ़त मिली
मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने सतर्क शुरुआत की, लेकिन इंग्लैंड ने एक जबरदस्त काउंटर-अटैक पर गोल दागकर बढ़त हासिल कर ली। हूूपर के लॉन्ग एरियल पास को स्टुअर्ट रशमियर ने बेहतरीन तरीके से कंट्रोल किया और निकोलस बांदुराक की तरफ बढ़ाया, जिन्होंने बिना कोई गलती किए गोलकीपर मोहित को चकमा देकर गेंद को जाल में पहुंचा दिया और इंग्लैंड को 1-0 से आगे कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में भारत की वापसी
दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अलग ही आक्रामक तेवर दिखाए। 17वें मिनट में भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपने ड्रैग-फ्लिक से बाएं कोने में रॉकेट जैसा शॉट दागकर भारत को 1-1 की बराबरी दिला दी। बराबरी के बाद भारत का दबाव बना रहा और 25वें मिनट में हार्दिक और अभिषेक के बेहतरीन तालमेल के बदौलत दिलप्रीत सिंह ने आसान सा टैप-इन करके भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी जिसे भारत ने हाफ-टाइम तक बरकरार रखा।
इंग्लैंड ने फिर की वापसी
हाफ-टाइम के बाद तीसरे क्वार्टर में कहानी पूरी तरह बदल गई। भारतीय टीम अपनी 2-1 की बढ़त को बचाने के चक्कर में रक्षात्मक हो गई, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा। 39वें मिनट में स्टुअर्ट रशमियर ने एक तीखे डिफ्लेक्शन से गोल कर इंग्लैंड को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके ठीक 4 मिनट बाद 43वें मिनट में हेनरी क्रॉफ्ट ने भारतीय गोलपोस्ट के मुहाने पर जोरदार शॉट लगाकर इंग्लैंड को 3-2 से आगे कर दिया।
चौथे क्वार्टर में भारत ने वापसी की हरसंभव कोशिश की, लेकिन 55वें मिनट में इंग्लैंड को मिले पेनल्टी कॉर्नर ने भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। निकोलस बांदुराक ने सीधा और ताकतवर शॉट दागकर अपना दूसरा गोल किया और इंग्लैंड की बढ़त 4-2 कर दी। अंतिम सीटी बजने तक भारत कोई और गोल नहीं कर सका और इंग्लैंड ने 4-2 की धमाकेदार जीत के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब पाकिस्तान से सामना
19 तारीख को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारत के लिए ‘करो या मरो’ का मैच है, जहां जीत ही टीम को अगले क्लासिफिकेशन दौर में पहुंचा सकती है।






