नई दिल्ली: 20 जुलाई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नेतृत्व में ‘संसद चलो’ मार्च से कुछ घंटे पहले जंतर-मंतर के पास पत्थरों से भरा एक ट्रक खड़ा मिला था। इसे लेकर प्रदर्शनकारी छात्रों ने सवाल खड़े किए थे। उस समय लगातार ये सवाल उठ रहे थे कि आखिर ये पत्थरों से भरा ट्रक प्रोटेस्ट साइट के इतनी पास तक कैसे पहुंच गया। दिल्ली पुलिस ने अब इस ट्रक को लेकर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि यह ट्रक 16 जुलाई को हुए एक एक्सीडेंट के बाद से ही पुलिस की कस्टडी में था।
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को ये खुलासा उस समय किया जब एक न्यूज पोर्टल ने जंतर-मंतर के पास और फिर रायसीना रोड पर इंडियन यूथ कांग्रेस ऑफिस के बाहर ट्रक की मौजूदगी पर सवाल उठाए। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि ट्रक को वहां जानबूझकर नहीं खड़ा किया गया था, बल्कि 16 जुलाई को हुए एक्सीडेंट के बाद उसे जब्त किया गया था।
पुलिस ने कहा कि शुरू में जगह की कमी के कारण इसे सुरक्षित रखने के लिए पुलिस स्टेशन के पास इसे खड़ा किया गया था। बाद में, ‘संसद चलो’ प्रोटेस्ट को ध्यान में रखते हुए और गाड़ी के मालिक को निर्देश देने के बाद, इसे खाली करके सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कर दिया गया। पुलिस ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी ऐसा आरोप नहीं लगाया कि प्रदर्शनकारियों का ट्रक या उसमें मौजूद सामान से कोई लेना-देना था।
पुलिस ने कहा कि गाड़ी को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी साजिश से जोड़ने वाला कोई भी दावा पूरी तरह से बेबुनियाद है। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे बिना पुष्टि वाली जानकारी न फैलाएं। पुलिस के अनुसार, फिरोज शाह रोड-कस्तूरबा गांधी मार्ग क्रॉसिंग पर डंपर के मारुति इको वैन से टकराने के बाद सात लोग घायल हो गए थे। एक FIR दर्ज की गई थी और क्षतिग्रस्त वैन और ट्रक दोनों को केस प्रॉपर्टी के तौर पर पुलिस कस्टडी में ले लिया गया था।
पुलिस ने आगे कहा कि यह स्पष्ट किया जाता है कि ये दावे गलत और गुमराह करने वाले हैं कि ट्रक नंबर HR63 E 6865 को दिल्ली पुलिस ने जानबूझकर जंतर-मंतर के पास या किसी राजनीतिक पार्टी के ऑफिस के बाहर खड़ा किया था। जब सरकारी ‘परिवहन’ ऐप में नंबर डाला जाता है और जब्ती की जानकारी मांगी जाती है, तो यह दिखाता है कि जब्ती की जानकारी – हां है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 20 जुलाई को विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर खड़े उसी रजिस्ट्रेशन नंबर वाले ट्रक के दो वीडियो पोस्ट किए थे।
दिपके ने 20 जुलाई सुबह 6:24 बजे X पर पोस्ट किया कि पत्थरों से भरा ट्रक जंतर-मंतर पर खड़ा किया गया है। पुलिस क्या करने की सोच रही है? क्या वे शांतिपूर्ण CJP प्रदर्शनकारियों पर पत्थरबाजी करवाने की साजिश रच रहे हैं? सोशल मीडिया पर कई अन्य लोगों ने भी जंतर-मंतर के पास खड़े उस ट्रक की तस्वीरें शेयर कीं। बाद में यह ट्रक इंडियन यूथ कांग्रेस के ऑफिस के बाहर खड़ा मिला। 25 जुलाई को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा को उस ट्रक के बारे में पुलिस से सवाल करते हुए देखा जा सकता है।






