सिंगापुर। सिंगापुर सरकार ने प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग समेत अपने मंत्रियों और राजनीतिक पदाधिकारियों के वेतन में 60 फीसदी से ज्यादा की भारी बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। 15 अक्टूबर 2026 से लागू होने वाले इस फैसले के बाद प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की सालाना कमाई बढ़कर लगभग 3.6 मिलियन सिंगापुर डॉलर (करीब 27.09 करोड़ रुपये) हो जाएगी। ऐसे समय में जब आम जनता महंगाई, नौकरी की सुरक्षा और बढ़ते खर्चों से जूझ रही है, इस फैसले ने सिंगापुर में एक नई राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है।
सरकार का तर्क बनाम आलोचकों के सवाल
वेतन वृद्धि के फैसले पर सिंगापुर सरकार का कहना है कि ऊंची सैलरी का मुख्य मकसद प्राइवेट सेक्टर के योग्य और प्रतिभाशाली लोगों को राजनीति में आकर्षित करना और भ्रष्टाचार के जोखिम को कम करना है। इसके विपरीत, आलोचकों का मानना है कि आम जनता की आर्थिक समस्याओं के बीच इतना बड़ा इजाफा करना असंवेदनशील है। इस बढ़ोतरी के साथ ही सिंगापुर के प्रधानमंत्री दुनिया में सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले राजनीतिक नेता बन गए हैं।
दुनिया में सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले नेता
सैलरी बढ़ने से पहले लॉरेंस वोंग का सालाना पैकेज करीब 2.2 मिलियन सिंगापुर डॉलर था। नया पैकेज लागू होने के बाद उनकी कमाई अमेरिकी राष्ट्रपति की सालाना सैलरी से करीब सात गुना अधिक हो जाएगी। दुनिया के सबसे महंगे नेताओं की सूची में दूसरे स्थान पर हांगकांग के चीफ एग्जीक्यूटिव जॉन ली हैं, जिनका सालाना पैकेज लगभग 7.19 लाख अमेरिकी डॉलर है। वहीं, तीसरे स्थान पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति आते हैं, जिनकी सालाना कमाई करीब 6.06 लाख अमेरिकी डॉलर बताई गई है।
दिग्गज वैश्विक नेताओं की तुलना में कितनी है कमाई?
सिंगापुर के प्रधानमंत्री की नई सैलरी की तुलना दुनिया के अन्य प्रमुख देशों के नेताओं से करें तो अंतर काफी बड़ा दिखता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सालाना सैलरी करीब 4 लाख डॉलर (लगभग 3.4 करोड़ रुपये) है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सालाना कमाई करीब 3 करोड़ रूबल (लगभग 3 करोड़ रुपये) है, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार रूस के पीएम के रूप में उनकी बेसिक सैलरी लगभग 1,40,000 डॉलर (करीब 1.16 करोड़ रुपये) दर्ज है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का सालाना वेतन करीब 1.5 लाख युआन (लगभग 20 लाख रुपये) है।
ऑस्ट्रेलिया और जापान के प्रधानमंत्रियों का वेतन
अन्य विकसित देशों के प्रमुखों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज को सालाना करीब 60.7 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 3.4 करोड़ रुपये) का वेतन मिलता है। वहीं, जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा की सालाना सैलरी करीब 4,000 लाख येन (लगभग 2.3 करोड़ रुपये) बताई जाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वेतन और सुविधाएं
ग्लोबल नेताओं की इस सूची में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेसिक सैलरी काफी कम है। विभिन्न रिपोर्ट्स के अनुसार, पीएम मोदी की सालाना सैलरी करीब 19.2 लाख रुपये से 24 लाख रुपये के बीच है। हालांकि, प्रधानमंत्री को मिलने वाला पैकेज केवल बेसिक सैलरी तक सीमित नहीं होता। उन्हें आधिकारिक आवास, यात्रा, सुरक्षा और चिकित्सा जैसी कई सरकारी सुविधाएं और भत्ते भी दिए जाते हैं।







