BREAKING

ताज़ा खबरदेश दुनिया खबर

बंगाल में नई सरकार का आगाज: किसके सिर सजेगा CM का ताज? अमित शाह की मौजूदगी में आज विधायक दल की बैठक

बंगाल में भाजपा की जीत के बाद नई सरकार के गठन की हलचल है। आज अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली बैठक में नए मुख्यमंत्री का फैसला होगा। इसके बाद टैगोर जयंती के दिन शपथ ग्रहण होगा।

पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों ने सबको चौंका दिया है और अब बारी है उस चेहरे को सामने लाने की जो अगले पांच साल तक बंगाल का भविष्य तय करेगा। आज कोलकाता में होने वाली विधायक दल की बैठक इसी सस्पेंस से पर्दा उठाने वाली है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इसी सिलसिले में आज यानी शुक्रवार आठ मई को कोलकाता में एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक की कमान खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने हाथों में ली है।

मुख्यमंत्री की इस दौड़ में सबसे ज्यादा चर्चा शुभेंदु अधिकारी की हो रही है। शुभेंदु ने जिस तरह से भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को पंद्रह हजार से ज्यादा वोटों से हराया है, उसने उनके कद को राजनीति के शिखर पर पहुंचा दिया है। अमित शाह ने चुनाव के पहले चरण के दौरान ही यह साफ कर दिया था कि बंगाल का मुख्यमंत्री वही बनेगा जो इस मिट्टी का बेटा हो।

शाह के पैमाने के अनुसार मुख्यमंत्री को यहीं का पढ़ा-लिखा होना चाहिए और बंगाली भाषा पर उसकी पकड़ मजबूत होनी चाहिए। शुभेंदु अधिकारी इस पैमाने पर पूरी तरह खरे उतरते नजर आते हैं। हालांकि उनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष और सुकांत मजूमदार जैसे अनुभवी नेताओं के नाम भी रेस में बने हुए हैं।

सियासी हलकों में एक संभावना इस बात की भी जताई जा रही है कि भाजपा किसी महिला चेहरे को आगे लाकर सबको चौंका सकती है। बंगाल के इस चुनाव में महिलाओं ने जिस तरह से बढ़-चढ़कर मतदान किया है उसे देखते हुए यह माना जा रहा है कि पार्टी महिला शक्ति को एक बड़ा सम्मान देना चाहती है।

आने वाले समय में उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तराखंड जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में चुनाव होने हैं। ऐसे में महिला मतदाताओं को एक राष्ट्रीय संदेश देने के लिए अग्निमित्रा पॉल या रूपा गांगुली जैसे नामों पर मुहर लगना कोई बड़ी बात नहीं होगी। यह कदम पार्टी की भविष्य की रणनीति के लिहाज से भी काफी दूरगामी और प्रभावी साबित हो सकता है।

नई सरकार के गठन का पूरा खाका पहले ही तैयार कर लिया गया है। विधायक दल की बैठक के ठीक अगले दिन यानी नौ मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह दिन बंगाल की सांस्कृतिक विरासत के लिए बेहद खास है क्योंकि इस दिन महान कवि रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती मनाई जाती है।

कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की पूरी संभावना है। उनके साथ एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के दिग्गज मंत्री भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे।

Related Posts