आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में 19 फरवरी को दिन का तीसरा मुकाबला अफगानिस्तान और कनाडा के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 82 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में अपने अभियान का समापन यादगार अंदाज में किया।
इब्राहिम जादरान की तूफानी पारी
कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम के पक्ष में नहीं गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 56 गेंदों में नाबाद 95 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
उनके अलावा सादिकुल्लाह अटल ने 44 रनों का योगदान दिया, जबकि रहमनुल्लाह गुरबाज ने 30 रन बनाए। कनाडा की ओर से जसकरन सिंह ने 4 ओवर में 52 रन देकर तीन विकेट लिए। दिलोन हेलीगर को एक सफलता मिली, लेकिन बाकी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कनाडा की खराब शुरुआत
201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने 25 रन के स्कोर पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया। कप्तान दिलप्रीत बाजवा 13 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और 48 रन तक पहुंचते-पहुंचते आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। साद बिन जफर ने 28 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया, लेकिन जीत की उम्मीदें काफी पहले खत्म हो चुकी थीं। कनाडा ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन बनाए
गेंदबाजों का कमाल
अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद नबी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर चार विकेट झटके। कप्तान राशिद खान ने दो विकेट लिए, जबकि मुजीब उर रहमान और अजमतुल्लाह ओमारजई को एक-एक सफलता मिली। इस शानदार जीत के साथ अफगानिस्तान ने टूर्नामेंट में अपने सफर का अंत मजबूती और आत्मविश्वास के साथ किया।





