बिहार के समस्तीपुर निवासी और हाल ही में संपन्न अंडर-19 विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन से चर्चा में आए युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस बार सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार कारण उनका क्रिकेट नहीं, बल्कि उनकी पढ़ाई से जुड़ा फैसला है। जानकारी के अनुसार, वैभव इस वर्ष सीबीएसई द्वारा आयोजित 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे।
सीबीएसई की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च तक चलेंगी, लेकिन लगातार ट्रेनिंग, कैंप और विभिन्न टूर्नामेंटों में व्यस्त रहने के कारण उन्होंने परीक्षा में शामिल न होने का निर्णय लिया है। सूत्रों के अनुसार, क्रिकेट गतिविधियों में व्यस्त रहने के चलते वह घर और स्कूल से बाहर रहे, जिससे बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हुई।
मॉडेस्टी स्कूल ताजपुर के डायरेक्टर आदर्श कुमार पिंटू ने इस पर जानकारी देते हुए कहा कि वैभव का परीक्षा फॉर्म पहले ही भर लिया गया था और एडमिट कार्ड भी जारी हो चुका था। परीक्षा केंद्र शहर के पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल में निर्धारित किया गया था।
आदर्श कुमार पिंटू ने बताया, “वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी से बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष व्यस्त कार्यक्रम के कारण वह परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे।” फिलहाल, वैभव पूरी तरह से क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं और आगामी टूर्नामेंटों की तैयारी में जुटे हैं।
वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताया जा रहा है। हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी की और भारत को ट्रॉफी जीतने में अहम भूमिका निभाई। उनकी फेयरलेस बैटिंग ने भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के कई दिग्गज क्रिकेटरों को उनका कायल बना दिया। अब आईपीएल में उनकी शानदार बैटिंग को देखने के लिए फैन्स बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने 15 छक्कों की मदद से 175 रन बनाए और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बने। वैभव ने अपनी जीत के बाद कहा कि मेरे पिता मेरे सबसे बड़े कोच और सपोर्टर हैं। अगर उन्होंने मुझ पर भरोसा नहीं किया होता, तो मैं आज यहां नहीं होता।





