अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल की धमाकेदार यादें अब भी क्रिकेट की दुनिया में ताजातरीन हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उस ऐतिहासिक मैच में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन की विस्फोटक पारी खेली। यह सिर्फ एक शानदार पारी नहीं थी, बल्कि रिकॉर्ड्स की किताब पर एक जबरदस्त दस्तक थी। 15 छक्कों और बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ वैभव ने अपने खेल से न केवल फाइनल को एकतरफा बना दिया, बल्कि क्रिकेट की दुनिया को भी दंग कर दिया।
बिहार का यह 14 साल का बल्लेबाज आजकल हर क्रिकेट फैन के जहन में सवाल पैदा कर रहा है अगर वैभव इंग्लैंड के जैसे ताकतवर युवा गेंदबाजों को ध्वस्त कर सकता है, आईपीएल में शतक जड़ सकता है, तो सीनियर भारतीय टीम में उसका चयन क्यों नहीं हो पा रहा है? इसका कारण ICC का एक नियम है।
क्यों नहीं हो सकता सीनियर टीम में चयन?
वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने के रास्ते में सबसे बड़ी रुकावट है ICC का न्यूनतम उम्र का नियम। 2020 में लागू हुए इस नियम के अनुसार, कोई भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने के लिए कम से कम 15 साल का होना चाहिए। यह नियम खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है।
वैभव सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था, और फरवरी 2026 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतते समय वह तकनीकी रूप से अभी भी 14 साल के थे। इसका मतलब साफ है कि चाहे वह बिहार के लिए 36 गेंदों में शतक बनाए, चाहे आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाए, लेकिन सीनियर टीम में उनका चयन 27 मार्च 2026 से पहले संभव नहीं है।
अंडर-19 टीम में भी अब नहीं खेल सकते
यहां एक दिलचस्प बात यह है कि वैभव सीनियर टीम के लिए छोटे हो सकते हैं, लेकिन अंडर-19 टीम के लिए भी अब वह कभी नहीं खेल सकते। बीसीसीआई का एक सख्त नियम है कि कोई भी खिलाड़ी सिर्फ एक बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल सकता है। इसका मकसद है कि हर नए टूर्नामेंट में नए खिलाड़ियों को मौका मिले और कोई भी खिलाड़ी उम्र-ग्रुप का “स्पेशलिस्ट” न बने। इस तरह, 2026 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद, वह अगले टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सकते, भले ही उम्र के हिसाब से वह तब भी अंडर-19 के खिलाड़ी हों।
बिते 12 महीनों में वैभव के रिकॉर्ड्स
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले 12 महीनों में कई रिकॉर्ड्स बनाए हैं, जिनके कारण उनका नाम क्रिकेट जगत में चर्चा का केंद्र बन चुका है:
- अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रन।
- 2026 वर्ल्ड कप में 30 छक्के- टूर्नामेंट का नया रिकॉर्ड।
- 14 साल 272 दिन की उम्र में लिस्ट-A शतक- दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी।
- विजय हजारे ट्रॉफी में 59 गेंदों में 150 रन- एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड टूटा।
- आईपीएल में 35 गेंदों का शतक- सबसे कम उम्र में आईपीएल शतक।
- भारत-A के लिए T20 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी।
- इंग्लैंड U19 के खिलाफ 52 गेंदों में शतक- सबसे तेज यूथ ODI शतक।
- यूथ टेस्ट में 58 गेंदों में शतक- भारत के लिए सबसे तेज।
- सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में नाबाद 108 रन- सबसे युवा शतक।





