पटना संवाददाता रिपोर्ट । पटना में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पाटलिपुत्रा थाना से महज 130 मीटर दूर अपराधियों ने बुजुर्ग दंपती की हत्या कर दी है। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है। सिर पर गंभीर जख्म के निशान हैं। घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के नेहरू नगर रोड नंबर दो स्थित मकान नंबर 62 के पहले फ्लोर पर मंगलवार को हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। मरने वालों की पहचान सीवान के नौतन थाना क्षेत्र पचलखी गांव निवासी एनके श्रीवास्तव (74) और उनकी पत्नी सुजाता देवी (68) के रूप में हुई है। एनके श्रीवास्तव बिस्कोमान के सेवानिवृत अधिकारी थे। पटना की पॉश कॉलोनी में पति-पत्नी की लहूलुहान लाश मिली। डबल मर्डर से सनसनी के बीच पुलिस का दावा है कि दोनों में तेज आवाज में विवाद हो रहा था। लूट के साक्ष्य नहीं मिले हैं। लेकिन, कई बातें समझ से परे हैं।