आईपीएल 2026 में सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला था। निगाहें युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर तो थी ही, संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा कैसा प्रदर्शन करते हैं इसे लेकर भी दिलचस्पी कम नहीं थी। मैच में राजस्थान रॉयल्स ने सीएसके को एकतरफा अंदाज में हराया। पहली बार पीली जर्सी में खेल रहे संजू फ्लॉप रहे लेकिन जडेजा गुलाबी जर्सी में भी हिट रहे। हमारे सहयोगी हिंदुस्तान टाइम्स ने अपने मैच-इम्पैक्ट कन्वर्जन मॉडल के जरिए समझाया है कि संजू के फ्लॉप होने से सीएसके को इस मैच में 1.81 करोड़ रुपये का ‘काल्पनिक नुकसान’ हुआ है, जबकि जडेजा के इम्पैक्ट की वजह से राजस्थान रॉयल्स को 77 लाख रुपये का फायदा। इसका मतलब है कि सीएसके को इस इकलौते मैच से इन दोनों खिलाड़ियों की बदौलत 1.81+0.77 करोड़ यानी 2.58 करोड़ का ‘घाटा’ हुआ।
इस सीजन से पहले तक संजू राजस्थान रॉयल्स के और जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स के जैसे पर्याय के तौर पर जाने जाते थे। इस बार संजू सीएसके में हैं तो जडेजा आरआर में। दोनों फ्रेंचाइजियों ने ट्रेडिंग के जरिए इन दोनों दिग्गजों की अदला-बदली की थी। आईपीएल में ट्रेडिंग यानी खिलाड़ियों की अदला-बदली केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मैदान की हर गेंद और रन के साथ अपना असर दिखाती है। पिछले साल नवंबर में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक हाई-प्रोफाइल ट्रेडिंग डील हुई। धाकड़ बल्लेबाज संजू सैमसन 18 करोड़ रुपये में सीएसके में गए, जबकि स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा 14 करोड़ रुपये की संशोधित फीस के साथ राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बने।
IPL 2026 News in Hindi – आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार
आईपीएल 2026 में 30 मार्च को जब गुवाहाटी के मैदान पर इन दोनों का सामना हुआ, तो स्कोरकार्ड से ज्यादा गहरा असर उनके ‘इम्पैक्ट लेजर’ यानी मैच में हार-जीत पर उनके प्रदर्शन के असर वाले बहीखाते पर पड़ा। फ्रेंचाइजियां किसी खिलाड़ी पर करोड़ों रुपये खर्च करती हैं तो इस इसलिए नहीं कि वे खिलाड़ी उनके लिए रन बनाएंगे या विकेट लेंगे, बल्कि इसलिए पानी की तरह पैसा बहाती हैं कि खिलाड़ी जरूरत पड़ने पर अपने दम पर मैच का पासा पलट दे।
लीग चरण में हर टीम 14-14 मैच खेलेंगी। अगर मानकर चलें कि संजू सैमसन सीएसके के और रविंद्र जडेजा राजस्थान के हर लीग मैच की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहेंगे तो 18 करोड़ कीमत के हिसाब से संजू पर प्रति मैच खर्च करीब 1.286 करोड़ रुपये पड़ेगा। रविंद्र जडेजा के लिए ये 1 करोड़ रुपये प्रति मैच बैठेगा।
अब जरा मैच में दोनों की अपेक्षित भूमिका के साथ-साथ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स को एक ऐसे सलामी बल्लेबाज की जरूरत थी जो पावरप्ले में टीम को मजबूती दे, खासकर तब जब एमएस धोनी चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे। इस जरूरत को पूरी करने के लिए ही संजू सैमसन को लाया गया। वहीं राजस्थान रॉयल्स को एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत थी जो बल्ले और गेंद दोनों से कमाल कर सके। जरूरत के वक्त विकेट चटका सके और बल्लेबाजी के दौरान टीम के लिए उपयोगी पारियां भी खेल सके। इसलिए टीम ने ट्रेडिंग के जरिए जडेजा को अपने साथ जोड़ा।
संजू सैमसन से उम्मीद थी कि वह CSK के कमजोर टॉप-ऑर्डर को संभालेंगे लेकिन उन्होंने 7 गेंदों में केवल 6 रन बनाए। पावर प्ले में जब टीम को तेज शुरुआत की जरूरत थी तब वह सस्ते में निपट गए।नान्द्रे बर्गर की गेंद पर जब सैमसन आउट हुए, तब CSK का स्कोर महज 14 रन था। उनका विकेट गिरते ही सीएसके की बल्लेबाजी कुछ ऐसे दबाव में आई कि अंत तक उससे नहीं उबर पाई। पिछले सीजन में चेन्नई की कमजोरी ओपनिंग पार्टनरशिप का न होना और पावर प्ले का फायदा नहीं उठा पाना रहा था। संजू सैमसन के आने के बाद उम्मीद थी कि ये कमजोरी दूर होगी लेकिन आईपीएल 2026 के पहले मैच में तो पुराना मर्ज जस का तस ही दिखा।
हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में अपने इम्पैक्ट लेजर मॉडल के जरिए बताया है कि संजू सैमसन की 7 गेंदों पर 6 रनों की खेली गई पारी का सीएसके के लिहाज से मैच के लिए नेगेटिव इम्पैक्ट रहा। रिपोर्ट के मुताबिक संजू सैमसन की इस पारी से सीएसके को करीब 1.81 करोड़ रुपये का ‘काल्पनिक घाटा’ हुआ। मैच में संजू पर सीएसके का औसतन 1.286 करोड़ रुपये ही लगा था लेकिन नेगेटिव इम्पैक्ट की वजह से ‘घाटा’ पौने दो करोड़ रुपये से भी ज्यादा का रहा।
अब अगर रविंद्र जडेजा के प्रदर्शन पर गौर करें तो उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए भी वही किया जिसके लिए वह जाने जाते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स पर 38 रन पर 4 विकेट खोकर जब दबाव में थी तब जडेजा ने उसे ऐसे झटके दिए, जिससे वह उबर ही नहीं सकी। सरफराज खान और शिवम दुबे सीएसके की पारी को संभाल सकते थे लेकिन जडेजा ने दोनों को आउट किया। उन्होंने मैच में 3 ओवर फेंके और 18 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। एचटी के इम्पैक्ट लेजर मॉडल के हिसाब से जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स के लिए इस मैच में अपनी एक करोड़ की प्रति मैच फीस के मुकाबले करीब 77 लाख का ‘अतिरिक्त फायदा’ पहुंचाया।
एचटी ने उसी मॉल के आधार पर संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा के प्रदर्शन और उनकी फीस की तुलना करते हुए बताया है कि इस एक मैच से ही राजस्थान रॉयल्स को चेन्नई के मुकाबले करीब 2.58 करोड़ रुपये का ‘काल्पनिक नुकसान’ हुआ है। इसमें संजू सैमसन की वजह से 1.81 करोड़ और आरआर के जडेजा की वजह से 77 लाख (RR का फायदा जो CSK के लिए घाटा है) का ‘झटका’ लगा। दोनों को जोड़ने पर ये राशि 2.58 करोड़ रुपये बनती है।





