पटना. बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार ने आज 10वीं बार शपथ ली है। उनके साथ कुल 26 लोगों को मंत्री बनाया जा रहा है। इनमें श्रेयसी सिंह ऐसी विधायक हैं, जो पहली बार मंत्री होंगी। नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी ने शपथ ली है, जो डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। सम्राट चौधरी के बाद तीसरे नंबर पर विजय सिन्हा ने शपथ ली, वह भी उपमुख्यमंत्री के तौर पर काम करेंगे। अब तक चल रही सरकार में भी ये दोनों नेता डिप्टी सीएम बने हुए थे। एक बार फिर से दोनों को मौका मिला है और स्पष्ट है कि भाजपा ने उनके कामकाज को सही माना है।
इनके अलावा वरिष्ठ लोगों की बात करें तो रामकृपाल यादव भी मंत्री बने हैं, जो पहली बार के विधायक हैं। इससे पहले वह 5 बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं, लेकिन इस बार उन्हें भाजपा ने विधानसभा चुनाव में उतारा था। भाजपा की ओर से नितिन नबीन को फिर से मंत्री पद दिया गया है, जो कायस्थ समाज से आते हैं। वहीं लालू प्रसाद यादव की आरजेडी का मुख्य आधार कहे जाने वाले यादव समाज को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिला है। रामकृपाल यादव के अलावा बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी मंत्री पद दिया गया है। माना जा रहा है कि दोनों को ही अहम मंत्रालय दिए जा सकते हैं क्योंकि दोनों ही वरिष्ठ नेता हैं।
रामकृपाल यादव को कभी लालू परिवार का बेहद करीबी माना जाता था, लेकिन उन्होंने लोकसभा का चुनाव मीसा भारती के खिलाफ ही लड़ा था। 2014 में उन्होंने पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। हालांकि 2024 में वह लोकसभा चुनाव हार गए थे और अब विधायक बनकर राज्य सरकार में मंत्री बन गए हैं।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत सभी नेताओं को शपथ दिलाई। नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने अकेले ही शपथ ली, जबकि इन तीन नेताओं के बाद एक साथ 5-5 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। देखिए, कौन-कौन बना नीतीश कुमार सरकार में मंत्री…
- सम्राट चौधरी





