भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले में ऋषभ पंत ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। टेस्ट क्रिकेट में पंत ने भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्का लगाकर इतिहास रच दिया। पंत ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्का लगाने के मामले में वीरेंद्र सहवाग को भी पीछे छोड़ दिया है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए अपना 48वां टेस्ट खेल रहे पंत को वीरेंद्र सहवाग के 90 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए एक छक्के की ज़रूरत थी और उन्होंने ईडन गार्डन्स में दूसरे दिन के खेल के सुबह के सत्र में यह उपलब्धि हासिल कर ली।
भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान पंत ने पहली पारी में 24 गेंदों का सामना किया और दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हो गए। शनिवार को दो छक्के लगाने के बाद टेस्ट क्रिकेट में उनके छक्कों की संख्या अब 92 हो गई है, जो सहवाग के छक्कों के रिकॉर्ड से 2 ज्यादा है। सहवाग के नाम टेस्ट क्रिकेट में 90 छक्के लगाने का रिकॉर्ड है।
भारत के लिए टेस्ट मैचों में सर्वाधिक छक्के
| खिलाड़ी | मैच | रन | छक्के |
|---|---|---|---|
| ऋषभ पंत | 48* | 3454 | 92 |
| वीरेंद्र सहवाग | 103 | 8503 | 90 |
| रोहित शर्मा | 67 | 4301 | 88 |
| रवींद्र जडेजा | 88* | 4000* | 80* |
| महेंद्र सिंह धोनी | 90 | 4876 | 78 |
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का ओवरऑल रिकॉर्ड इंग्लैंड के कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के नाम दर्ज है। न्यूजीलैंड में जन्मे स्टोक्स, जो 21 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाली 2025–26 एशेज सीरीज में इंग्लैंड की अगुवाई करेंगे, अब तक खेले गए 115 टेस्ट मैचों में 136 छक्के जड़ चुके हैं।
स्टोक्स के बाद इस सूची में न्यूज़ीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के नाम आते हैं, जिन्होंने लंबे समय तक आक्रामक टेस्ट बल्लेबाज़ी की पहचान बनाई।
8 छक्का लगाते ही हासिल करेंगे एक और उपलब्धि
उधर भारत की ओर से इस रिकॉर्ड को चुनौती देने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत अपनी अगली उपलब्धि के बेहद करीब हैं। यदि पंत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में कम से कम आठ छक्के और लगा देते हैं, तो वे टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय और दुनिया के चौथे क्रिकेटर बन जाएंगे।










