बीजापुर । प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में कथित अवैध वसूली के आरोपों को लेकर बीजापुर में विवाद गहरा गया है। छत्तीसगढ़ कान्ट्रेक्टर्स एसोशिएशन ने इस मामले में छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (CGRRDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बीजापुर के कार्यपालन अभियंता (ईई) और जगदलपुर के अधीक्षण अभियंता (एसई) को हटाने की मांग की है।एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए जारी निर्माण कार्यों में अधिकारियों द्वारा ठेकेदारों पर अवैध वसूली का दबाव बनाया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि विभाग में पदस्थ अधिकारी विकास कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के बजाय बाधित करने का काम कर रहे हैं।






