संतरे और सावजी की दुनिया से आगे बढ़कर नागपुर आर्थिक तरक्की के क्षितिज पर भी अपनी सुनहरी आभा बिखेर रहा है। आज टॉप-5 निर्यातक क्षेत्रों में एग्रीकल्चर व संबद्ध उत्पाद, इंजीनियरिंग, फार्मास्युटिकल्स, आयरन एंड स्टील, केमिकल्स के निर्यात के साथ नागपुर एक्सपोर्ट का हब बन गया है। यह निर्यातक क्षेत्र जिले से कुल निर्यात में 80% का योगदान करते हैं।
निर्यात की लगातार बढ़ती इसी ताकत से ऑरेंज सिटी वैश्विक मानचित्र पर अपनी एक अलग छवि बना चुका है। इसे इस बुलंदी पर पहुंचाने में यहां के उद्योजकों का सबसे बड़ा योगदान है। रीजन में देखें तो वर्ष दर वर्ष निर्यात दर में बढ़ोतरी होती जा रही है। नागपुर का वित्त वर्ष 2021-22 में निर्यात मूल्य जहां 11,091.02 करोड़ था, वह वित्त वर्ष 2024-25 में 8,057 करोड़ बढ़कर 22,627 करोड़ पर पहुंच गया।
वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में जून तक 7,724.73 करोड़ पर पहुंच गया। इसमें सबसे अधिक अमेरिका को 3,214.87 करोड़ का निर्यात किया गया। इसमें दूसरे नंबर पर 496.37 करोड़ के साथ फिलीपींस रहा। इसी तरह नागपुर के साथ वर्धा, गोंदिया, भंडारा, चंद्रपुर और गड़चिरोली के निर्यात दर में अच्छी वृद्धि हुई है।
टॉप-10 देशों में जाता है माल
राज्य सरकार व जिला उद्योग केंद्र के प्रयासों के साथ उद्योजकों की मेहनत से ही यहां से एक्सपोर्ट बढ़ता जा रहा है। उद्योग केंद्र द्वारा उद्योजकों को हरसंभव सहायता और जागरूकता के कारण ही आज उद्योजक विदेशों की डिमांड को पूरा कर रहे हैं। आज रीजन (नागपुर, गोंदिया, भंडारा, चंद्रपुर, वर्धा व गड़चिरोली) से टॉप-10 देशों यूएसए, चाइना, बांग्लादेश, बर्लिन, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्की, नेपाल, रूस, जिबूती, जर्मनी के साथ अन्य देशों में विविध वस्तुएं निर्यात की जा रही हैं।
इन टॉप-10 देशों में भेजा गया माल
क्र. देश मूल्य (करोड़ में)
1 यूएसए 3,214.87
2 फिलीपींस 496.37
3 बांग्लादेश 170.62
4 फ्रांस 147.78
5 ओमान 137.56
6 बेनिन 125.67
7 साउथ अफ्रीका 123.89
8 नेपाल 113.23
9 जर्मनी 108.23
10 रूस 103.70
— कुल निर्यात 6,582.01
वित्त वर्ष 2025-26 में जून तक यूएसए का निर्यात मूल्य सबसे अधिक 3,214.87 करोड़, फिलीपींस का 496.37 करोड़, बांग्लादेश का 170.62 करोड़, फ्रांस का 170.62 करोड़, ओमान का 147.78 करोड़, बेनिन 137.56 करोड़ के साथ ही साउथ अफ्रीका, नेपाल, जर्मनी, रूस को मिलाकर कुल 6,582.01 करोड़ का एक्सपोर्ट हुआ।
कपास उत्पादन से वर्धा का निर्यात में 54% बढ़ा
इनमें फार्मास्युटिकल्स, इंजीनियरिंग, एग्रीकल्चर, बागवानी और संबद्ध उत्पाद, एल्युमिनियम एंड आर्टिकल्स, आयरन व स्टील, केमिकल्स, सीमेंट, फूड प्रोसेसिंग, प्लास्टिक एंड प्लास्टिक उत्पाद, टेक्सटाइल एंड अपरैल, एक्सप्लोसिव, केमिकल, कृषि जैसे उत्पादों का निर्यात किया जा रहा है। अनाज के अतिरिक्त निर्यात के कारण नागपुर के निर्यात में 14%, दवाइयों के निर्यात में 11% और विस्फोटकों के निर्यात में 7% की वृद्धि हुई है।
कपास उत्पादन के कारण वर्धा के निर्यात में 54% की वृद्धि हुई है। स्टेपल फाइबर में 21% और लौह एवं इस्पात उत्पादों के निर्यात में भी 13% की वृद्धि हुई है। गोंदिया में अनाज के प्रत्यक्ष निर्यात के कारण 98% और लाख रेजिन के निर्यात में केवल 1% की वृद्धि हुई है। भंडारा में अनाज के निर्यात में 65%, लौह एवं इस्पात में 10% और कार्बनिक रसायनों के निर्यात में 4% की वृद्धि के कारण वृद्धि हुई है।
रीजन के निर्यात पर एक नजर (जून-2025 तक)
क्र. जिले मूल्य (करोड़ में)
1 नागपुर 6,582.01
2 चंद्रपुर 456.36
3 गोंदिया 371.57
4 वर्धा 162.88
5 भंडारा 150.13
6 गड़चिरोली 1.79
— कुल निर्यात 7,724.73
चंद्रपुर में हथियारों और गोला-बारूद के निर्यात में 67%, कागज उत्पादों के निर्यात में 11% और अनाज के निर्यात में 7% की वृद्धि हुई है। गड़चिरोली में अनाज के निर्यात में 98%, मोती और कीमती पत्थरों के निर्यात में 1% और दवा उत्पादों के निर्यात में 0.2% की वृद्धि के कारण वृद्धि दर मुख्य रूप से प्रभावित हुई है।
उभर रहा औद्योगिक केंद्र के रूप में
नागपुर क्षेत्र कपड़ा और परिधान, खाद्य प्रसंस्करण, दवा, इंजीनियरिंग, कपास प्रसंस्करण आदि के लिए एक औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। बढ़ते निर्यात के साथ अमेरिका शीर्ष निर्यातक देश है। चावल, दवा, हथियार और गोला-बारूद के पुर्जे, लोहा और इस्पात, विस्फोटक नागपुर क्षेत्र से सबसे अधिक निर्यात किए जाने वाले उत्पाद बन चुके हैं।
तेजी से बढ़ रहा नागपुर
जिला उद्योग केंद्र द्वारा निर्यात को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर उद्योजकों के लिए वर्कशॉप, सेमिनार का आयोजन किया जाता है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से निर्यात दर बढ़ाने के लिए माहौल बनाने पर जोर दिया जाता है। वहीं बड़ी कंपनियों के साथ सहयोग बढ़ाने में हरसंभव सहायता की जाती है। इसी कारण आज निर्यात दर में वृद्धि होती चली जा रही है।
शिवकुमार मुद्दमवार, महाव्यवस्थापक, जिला उद्योग केंद्र
नागपुर से US को 3,214 करोड़ का निर्यात
हर वर्ष बढ़ती जा रही है विदेशी डिमांड
14,570 करोड़ का एक्सपोर्ट हुआ था वित्त वर्ष 2021-22 में
16,233 करोड़ पर पहुंचा था वित्त वर्ष 2022-23 में
17,496 करोड़ पर था वित्त वर्ष 2023-24 में
22,627 करोड़ रहा वित्त वर्ष 2024-25 में
7,724 करोड़ पहुंचा वित्त वर्ष 2025-26 में जून तक रीजन से
6,582.01 करोड़ हुआ वित्त वर्ष 2025-26 में जिले से
क्र. टॉप-10 निर्यात माल मूल्य (करोड़ में)
1 दवाइयां 2,832.48
2 अनाज 529.43
3 एक्सप्लोसिव, मैचेस 490.93
4 हथियार, गोला-बारूद, कलपुर्जे 452.84
5 लौह एवं इस्पात 310.53
6 एयरक्राफ्ट, स्पेसक्राफ्ट व उनके पुर्जे 191.30
7 व्हीकल व पुर्जे 189.21
8 परमाणु रिएक्टर, बॉयलर, मशीनरी और यांत्रिक उपकरण 165.39
9 कपास 125.17
10 प्लास्टिक व अर्टिकल्स 123.07
— कुल एक्सपोर्ट 6,582.01










