शुक्रवार को कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन सोना और चांदी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 1.30% बढ़कर लगभग 1,54,837 रुपये प्रति 10 ग्राम और मार्च फ्यूचर्स वाली चांदी 2.4% बढ़कर 2,42,081 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। सुबह मार्केट खुलते ही सोने की कीमत 1,54,550 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 2,41,000 रुपये प्रति किलो तक पहुँच गई।
कल की गिरावट के बाद शुक्रवार को निवेशकों ने वैल्यू बाइंग दिखाई। घरेलू कमोडिटी मार्केट में सोना और चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी स्थिति समान रही, जहां US गोल्ड फ्यूचर्स अप्रैल डिलीवरी 0.7% बढ़कर $4,985.40 प्रति औंस और स्पॉट चांदी 2.1% बढ़कर $76.76 प्रति औंस पर पहुंच गई।
गिरावट के साथ बंद हुआ था बाजार
पिछले सत्रों में सोना और चांदी दोनों में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। विशेष रूप से 12 फरवरी को चांदी में करीब 9% और सोने में 4% से अधिक की गिरावट आई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियां, महंगाई के आंकड़े और डॉलर की स्थिति इस उतार-चढ़ाव में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
रिकार्ड हाई के बाद गिरावट जारी
29 जनवरी को चांदी ने 4.20 लाख रुपये प्रति किलो और सोने ने 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड हाई बनाया था। इसके बाद कीमतें काफी गिर गईं, लेकिन शुक्रवार को बाजार में पुनः तेजी देखने को मिली। सुबह 9 बजे MCX पर मार्च 2026 के चांदी फ्यूचर्स 4.25% बढ़कर 2,40,700 रुपये प्रति किलो और अप्रैल 2026 के सोने फ्यूचर्स 1.46% बढ़कर 1,54,303 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए।
विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद यह रिकवरी मुख्य रूप से वैल्यू बाइंग से आई है। निवेशक और आम लोग दोनों ही आगे अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इस समय सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव इतना तेज है कि मार्केट एक्सपर्ट्स भी इसे लगातार ट्रैक कर रहे हैं।





