BREAKING

ताज़ा खबर

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में उतारे 6 उम्मीदवार, सिंघवी समेत इन नामों पर दांव; दो राज्यों में चौंकाया

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनावों के लिए 6 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। इन नामों में हरियाणा और हिमाचल से लेकर तमिलनाडु तक के लिए नेताओं की लिस्ट शामिल है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद इस सूची को जारी किया गया है। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को कैंडिडेट बनाया है। इसके अलावा एम. क्रिस्टोफर तिलक तमिलनाडु से उतरेंगे। अभिषेक मनु सिंघवी और वी. नरेंद्र रेड्डी तेलंगाना से राज्यसभा जाएंगे। हरियाणा से कर्मवीर सिंह बौद्ध को मौका दिया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है।

हरियाणा में कांग्रेस ने दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले कर्मवीर सिंह बौद्ध को मौका दिया है। वह सरकारी अफसर रहे हैं और कुछ साल पहले ही रिटायर हुए हैं। अंबाला के रहने वाले बौद्ध विधानसभा चुनाव में भी उतरना चाहते थे, लेकिन मौका नहीं मिल पाया था। पहले से ही चर्चा थी कि किसी दलित नेता को राज्यसभा भेजा जाएगा। इसके लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान का नाम चर्चा में था तो वहीं अशोक तंवर भी रेस में बताए जा रहे थे। लेकिन अंत में कर्मवीर सिंह बौद्ध के नाम पर ही मुहर लगी। इसे पार्टी की एक नया दलित नेतृत्व खड़ा करने की कोशिश माना जा रहा है।

हरियाणा से हिमाचल तक कांग्रेस ने चौंका दिया

अब हिमाचल की बात करें तो वहां भी कांग्रेस ने चौंका दिया है। उन अनुराग शर्मा को राज्यसभा में मौका दिया है, जिनका नाम दूर-दूर तक चर्चा में नहीं था। वह कांग्रेस जिला कमेटी के अध्यक्ष हैं। वह कांगड़ा जिला के बैजनाथ के रहने वाले हैं। अनुराग शर्मा शिमला के विधानसभा परिसर में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। संयोग से आज उनका जन्मदिन भी है, ऐसे में इसे उनके लिए खास दिन माना जा रहा है। कांग्रेस के इस फैसले को स्थानीय चेहरे पर दांव लगाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संकेत दिए थे कि इस बार कांग्रेस बाहरी राज्य से उम्मीदवार नहीं उतारेगी और हिमाचल से ही चेहरा सामने लाया जाएगा।

सीएम सुक्खू के भी करीबी माने जाते हैं अनुराग शर्मा

हिमाचल का सबसे बड़ा जिला कांगड़ा है। यहां 15 विधानसभा सीटें आती हैं। राज्य में ठाकुर और ब्राह्मण वर्ग की अच्छी आबादी है। सीएम से लेकर तमाम मंत्रियों तक ठाकुरों का अच्छा प्रतिनिधित्व है। ऐसे में एक ब्राह्मण नेता को राज्यसभा भेजा गया है। अनुराग शर्मा को सीएम सुक्खू का भी करीबी माना जाता है। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी को तेलंगाना से राज्यसभा भेजा जाएगा। गौरतलब है कि 16 मार्च को 30 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है।

Related Posts