राम गोपाल वर्मा ने एक बार फिर अपने बयान को लेकर चल रहे विवाद पर सफाई दी है। हाल ही में उन्होंने फिल्म वार 2 में कियारा आडवाणी के बिकनी सीन को लेकर की गई अपनी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था, बल्कि वह इसे सुंदरता की तारीफ के तौर पर देख रहे थे।

दरअसल, पिछले साल जब ‘वॉर 2’ की पहली झलक सामने आई थी, तब राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने कियारा आडवाणी के बिकनी सीन का जिक्र किया था। इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। कई लोगों ने इसे अभिनेत्री के प्रति अभद्र और अपमानजनक बताया था।
हालांकि बाद में निर्देशक ने अपना वह ट्वीट डिलीट कर दिया था। अब एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इस पूरे विवाद पर खुलकर बात की है और अपनी टिप्पणी को लेकर सफाई दी है। फिल्म पत्रकार विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में राम गोपाल वर्मा ने कहा कि उन्हें ठीक से याद नहीं है कि उन्होंने उस ट्वीट में क्या लिखा था, क्योंकि वह अक्सर सोशल मीडिया पर कई बातें साझा करते रहते हैं।
राम गोपाल वर्मा ने कहा कि ट्रेलर या टीजर में जब किसी खूबसूरत अभिनेत्री को आकर्षक अंदाज में दिखाया जाता है, तो दर्शकों की भावनाओं को जगाने के लिए ऐसा किया जाता है। उनके मुताबिक, उन्होंने जो कहा था वह एक तरह की तारीफ थी, न कि किसी को नीचा दिखाने की कोशिश। उन्होंने यह भी कहा कि वह हमेशा से खूबसूरत महिलाओं की तारीफ खुलकर करते आए हैं और इसमें उन्हें कोई हिचक नहीं होती।
निर्देशक ने आगे कहा कि वह अपने विचारों और व्यक्तित्व को बदलने में विश्वास नहीं रखते। उनके मुताबिक, वह जैसे हैं वैसे ही रहेंगे और अपनी बात खुलकर कहते रहेंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी वह दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी की खूबसूरती की तारीफ खुलकर करते रहे हैं। उनके लिए यह किसी भी महिला की सुंदरता की सराहना करना भर है।
राम गोपाल वर्मा ने ‘वॉर 2’ के टीजर पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया था कि अगर फिल्म में ऋतिक रोशन और एनटीआर के बीच यह मुकाबला हो कि कियारा को कौन पटाता है, तो फिल्म और भी दिलचस्प हो सकती है। उनकी इस टिप्पणी को कई लोगों ने आपत्तिजनक माना और सोशल मीडिया पर उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने वह ट्वीट हटा दिया था, लेकिन अब एक बार फिर यह मुद्दा चर्चा में आ गया है।





