BREAKING

छत्तीसगढताज़ा खबर

26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय आयुष्मान कार्ड महाअभियान शिविर का होगा आयोजन’

सूरजपुर, जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आयुष्मान कार्ड महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार व  जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री के.डी. पैकरा के मार्गदर्शन में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय आयुष्मान कार्ड महाअभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान के अंतर्गत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा स्वास्थ्य दल पारा, मोहल्ला एवं घर-घर जाकर वंचित हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाएंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना के लाभ से वंचित न रह सके।

इन्हें मिलेगा इतना लाभ

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पंजीकृत चिकित्सालयों में निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। प्राथमिकता एवं अंत्योदय राशन कार्डधारी परिवारों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है, जबकि सामान्य राशन कार्डधारी हितग्राहियों को 50 हजार रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को वय वंदना आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 5 लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की विशेष सुविधा दी जाती है।

   अब तक जिले में कुल राशन कार्डधारियों के विरुद्ध 93 प्रतिशत हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, वहीं 84 प्रतिशत वय वंदना कार्ड का निर्माण किया जा चुका है। शेष वंचित हितग्राहियों को इस महाअभियान के माध्यम से योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला प्रशासन ने समस्त पात्र एवं आयुष्मान कार्ड से वंचित हितग्राहियों से अपील की है कि वे इस महाअभियान का लाभ उठाएं और 26 से 28 फरवरी के बीच नजदीकी शिविर में पहुंचकर अथवा घर पर ही अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं, क्योंकि यह कार्ड किसी भी गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा का सबसे बड़ा आधार है।

Related Posts